रामपुर : आधुनिक दौर के साथ कदमताल कर रही नगर पालिका, गृह-जल कर जमा कराने के लिए जारी किया क्यूआर कोड
![रामपुर : आधुनिक दौर के साथ कदमताल कर रही नगर पालिका, गृह-जल कर जमा कराने के लिए जारी किया क्यूआर कोड](https://www.amritvichar.com/media/2025-01/नगर-पालिका-रामपुर.jpg)
रामपुर,अमृत विचार। नगर पालिका परिषद आधुनिक दौर के साथ कदमताल कर रही है। अब जल और गृह कर के लिए ई-प्रणाली शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद ने टैक्स जमा कराने के लिए हाईटेक तरीका अपनाया गया है। गृह और जल कर जमा कराने के लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है। अब नगर पालिकाकर्मी लोगों के घर क्यूआर कोड के जरिए टैक्स जमा कराएंगे।
गृह और जल कर की वसूली में तेजी लाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने डिजिटिलीकरण की तरफ कदम बढ़ाया है। नगर में जलकर, गृहकर वसूलने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। पहले वसूली कर्ता गृहस्वामियों के घर जाते थे और वसूली नहीं होने के कारण वसूलीकर्ताओं को बार-बार दौड़ाया जाता था। गृह स्वामी कल ले जाना, परसों ले जाना का बहाना बनाकर वसूली कर्ताओं को टैक्स नहीं देते थे। ऐसे में राजस्व वसूली की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। कर निर्धारण अधिकारी अनिकेत प्रताप सिंह ने बताया कि गृह स्वामी, घर, दुकान व अन्य संस्थानों के टैक्स में नकद पैसा न होने के बहाना बनाकर वसूलीकर्ताओं को वापस न लौटा सकें। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने क्यूआर कोड जारी किया है। वसूलीकर्ता अब घर-घर जाकर ऑनलाइन, ऑफलाइन दोनों तरीके से टैक्स जमा कराएंगे।
नई नियमावली के तहत 15 हजार घरों से वसूला जाएगा 10 प्रतिशत गृह कर
शहर में अभी तक 60 हजार ऐसे घर हैं जो गृहकर अदा कर रहे हैं। 15 हजार और घरों पर गृह कर लगाया जा रहा है। इनसे जल्द ही कर वसूला जाएगा। ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने कर विभाग के अधिकारियों से कहा है कि क्षेत्र के ऐसे बकायेदारों की सूची तैयार की जाए, जिन पर अधिक बकाया है। वह गृहकर व जलकर की अदायगी नहीं कर रहे हैं। आवासीय, व्यवासायिक व उद्योग से जुडे़ सभी तरह के बकायेदारों की सूची बनाने को कहा गया है। ईओ ने बताया कि शासन से भूमि कर की नई नियमावली को भी जारी कर दिया है। इसी के आधार पर आय और बढ़ जाने के आसार है। 45 हजार आवास हैं। सर्वे में इनकी संख्या बढ़कर 60 हजार पहुंचने के आसार हैं। नई नियमावली में जमा कराया जाने वाला गृहकर, जलकर 10-10 प्रतिशत हो जाएगा। जबकि अभी तक गृहकर 5 प्रतिशत ही लागू होता है।
ये भी पढे़ं : Rampur : एंबुलेंस ने टाटा मैजिक में मारी टक्कर, भैंस घायल...लवारे की मौत