लखनऊ का अजब-गजब मामला, पति ने दूरी बनाई तो IVF से बनी मां, पुत्र पर हक के लिए दंपति में विवाद
2.png)
लखनऊ, अमृत विचार: शादी के 15 साल बाद भी बच्चा न होने पर इंजीनियर पति ने दूरी बना ली। प्रताड़ना से परेशान पत्नी अलग रहने लगी और पति को जानकारी दिए बिना पत्नी ने विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) की मदद से बच्चे को जन्म दिया। अब बच्चे पर हक के लिए पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया है। पति ने पत्नी पर धोखे से आईवीएफ कराने का आरोप लगाते हुए सीएमओ कार्यालय में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
बिहार की रहने वाली महिला की शादी इंजीनियर से हुई थी। महिला के मुताबिक शादी के करीब 15 साल तक भी उसकी कोख सूनी रही। कई जगह इलाज के बावजूद बच्चा नहीं हुआ। इस पर ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करने लगे। पति ने भी उससे दूरी बना ली। परेशान होकर वह अलग रहने लगी। इस बीच उसने आईवीएफ तकनीक की जानकारी ली। लखनऊ के तेलीबाग स्थित एक आईवीएफ सेंटर में प्रोसीजर कराकर पुत्र को जन्म दिया है। अब वह करीब एक वर्ष का हो गया है। पुत्र पर हक को लेकर पति भी सामने आ गया है। समझौता न होने पर पति ने सीएमओ कार्यालय में शिकायत की है।
बिना सहमति के प्रोसीजर कराने का आरोप
पति ने सीएमओ कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में पत्नी पर बिना सहमति के आईवीएफ प्रोसीजर कराने का आरोप लगाया है। सीएमओ कार्यालय में दोनों के बयान दर्ज हो चुके हैं। आईवीएफ प्रोसीजर करने वाली डॉक्टर को बयान के लिए सीएमओ कार्यालय बुलाया गया है।
शपथपत्र में खुद को बताया था अविवाहित
जांच में यह भी सामने आया कि आईवीएफ प्रोसीजर के समय महिला ने शपथ पत्र में खुद को अविवाहित बताया था। उसने शपथपत्र में लिखा है कि उसकी शादी नहीं हुई है। वह सिंगल मदर बनने के लिए प्रोसीजर कराना चाहती है। महिला ने डोनर से शुक्राणु लेने पर सहमति दी। इस प्रोसीजर में महिला के पिता ने सहमति दी है।
क्या है आईवीएफ
ये प्राकृतिक रूप से गर्भधारण में विफल दंपतियों के लिए गर्भधारण का माध्यम है। आईवीएफ प्रोसीजर में महिला के शरीर में होने वाली निषेचन की प्रक्रिया (महिला के अंडे व पुरुष के शुक्राणु का मिलन) को बाहर लैब में किया जाता है। लैब में बने भ्रूण को महिला के गर्भाशय में प्रत्यारोपित किया जाता है।
महिला पर बिना पति की सहमति के आईवीएफ प्रोसीजर कराने का आरोप है। मामले की जांच की जा रही है।
-डॉ. एनबी सिंह, सीएमओ
यह भी पढ़ेः सील होंगे राजधानी के 86 भवन, नगर निगम चलाएगा कुर्की और वसूली अभियान