दक्षिण कोरिया में विमान दुर्घटना में 179 यात्रियों की मौत, लैंडिंग गियर में खराबी के कारण रनवे पर फिसला...देखें VIDEO

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

सोल। दक्षिण कोरिया में एक हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान में आग लग गई। इसके बाद विमान टूटकर टुकड़ों में बिखर गया। दुर्घटना स्थल से धुएं का घना गुबार उठने लगा। इस हादसे में 179 लोगों की जान चली गई। अब तक एक यात्री और एक चालक दल के सदस्य को बचा लिया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आपातकालीन कार्यालय ने बताया कि दक्षिणी शहर मुआन के हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ ‘जेजू एयर’ यात्री विमान 181 लोगों को लेकर बैंकॉक से लौट रहा था। कार्यालय के मुताबिक, विमान ‘लैंडिंग गियर’ में खराबी के कारण रनवे से फिसलकर एक अवरोधक से जा टकराया जिससे उसमें आग लग गई।  माना जा रहा है कि दुर्घटना पक्षी के टकराने के कारण हुई जिसके कारण लैंडिंग गियर में खराबी आ गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में बचाए गए दो लोगों को छोड़कर सभी 179 लोगों की जान चली गई। अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि वे शवों को बरामद करने के लिए खोज अभियान चला रहे हैं। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद एक यात्री और एक चालक दल का सदस्य (दोनों महिलाए) को बचा लिया गया और उनका मोकपो के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। बैंकॉक से लौट रहे विमान में चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 181 लोग सवार थे। विस्फोट के कारण विमान लगभग पूरी तरह नष्ट हो गया। दक्षिण जिओला के अधिकारियों ने उच्चतम स्तर पर आपातकालीन अलर्ट जारी किया और दुर्घटना स्थल पर सभी उपलब्ध बचाव और पुलिस कर्मियों को तैनात किया।

अधिकारियों का मानना ​​है कि लैंडिंग गियर में खराबी संभवतः पक्षी के टकराने के कारण हुई है। उन्होंने सटीक कारण का पता लगाने के लिए मौके पर जांच शुरू की। कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सांग-मोक दोपहर के आसपास दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को खोज अभियान के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया। श्री चोई ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की और उन्हें हर संभव सरकारी सहायता देने का वादा किया।

ये भी पढे़ं : यून सुक-योल ने मार्शल लॉ जांच में पूछताछ के लिए तीसरे समन अनुरोध को ठुकराया 

संबंधित समाचार