कासगंज : कुम्भ मेले की व्यवस्था पर उंगली उठाना सपा मुखिया की विकृत मानसिकता: भूपेंद्र चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर जताया शोक, बताया बड़ी क्षति
कासगंज, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा मुखिया कुंभ मेले की व्यवस्थाओं पर जिस तरह से उंगली उठा रहे हैं, उन्हें अपने मुख्यमंत्री रहते हुए लगे कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को याद करना चाहिए। सपा सरकार के दौरान अव्यवस्थाओं के चलते मची भगदड़ में श्रद्धालुओं की जानें गई थीं। प्रदेश अध्यक्ष, सोरों तीर्थ नगरी में प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आए हुए थे। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के चलते यह कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया।
अमृत विचार से वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में कुंभ मेला कुप्रबंधन का शिकार था। सपा सरकार का चरित्र देश की जनता भली-भांति जानती है। सपा शासन में कुंभ मेले के दौरान भगदड़ मची, जिसमें कई श्रद्धालुओं की जानें गई थीं। जबकि भाजपा सरकार कुंभ मेले को लेकर पूरी तरह सजग है। श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है। भाजपा उनके परिवार के साथ खड़ी है। पार्टी और कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वार्ता के दौरान उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव की सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके शासन में कुंभ मेला हमेशा अव्यवस्थाओं और कुप्रबंधन का शिकार रहा है। इसके विपरीत भाजपा सरकार में दिव्य और भव्य कुंभ मेले का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस मौके पर विधायक हरीश चंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय दिग्विजय सिंह, जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, शिव प्रताप सोलंकी, राकेश माहेश्वरी, रामेश्वर दयाल महेरे, संपूर्णानंद भारद्वाज सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - कासगंज : नील गाय टकराने से लोडर टेंपो पलटा, एक युवक की मौत...कई घायल
