ऑपरेशन में हुई लापरवाही से महिला की मौत, पीड़ित पति ने उपमुख्यमंत्री से की शिकायत, CMO को जांच के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: आलमबाग के अजंता अस्पताल एंड आईवीएफ सेंटर के डॉक्टरों पर महिला के गर्भाशय के ट्यूमर के ऑपरेशन के दौरान लापरवाही का आरोप लगा है। इससे महिला की मौत हो गई। पीड़ित पति ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को शिकायती पत्र भेज कर डॉक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर सीएमओ जे जांच के लिए समिति बना दी है।

कृष्णानगर के रहने वाले विजय सिंह ने उपमुख्यमंत्री को दी गई शिकायती पत्र में कहा है कि पत्नी सुमन देवी का इलाज आलमबाग के अजंता अस्पताल एंड आईवीएफ सेंटर में डॉ. गीता खन्ना की देखरेख में चल रहा था। जांच में सुमन के गर्भाशय में ट्यूमर की पुष्टि हुई थी। विजय के मुताबिक डॉ.गीता के परामर्श पर सुमन को ऑपरेशन के लिए 10 अक्टूबर को उनके अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। अगले दिन दोपहर में सुमन को ओटी में शिफ्ट किया गया। ऑपरेशन शुरू होने के करीब तीन घंटे बाद डॉक्टरों ने पति को ऑपरेशन सही न होने की जानकारी दी। दोबारा से ऑपरेशन की जरूरत बताई। इस बीच सुमन की तबियत और बिगड़ गई। उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों ने किडनी में समस्या होने की जानकारी दी। 12 अक्टूबर की दोपहर मरीज को डायलिसिस यूनिट में शिफ्ट किया गया। एक घंटे बाद फिर से आईसीयू में शिफ्ट किया गया। आरोप है कि देर शाम अस्पताल प्रशासन ने दबाव बनाकर मरीज को जबरन दुबग्गा के चरक अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। यहां के डॉक्टरों ने मरीज को एसजीपीजीआई ले जाने की सलाह दी। इस दौरान मरीज की मौत हो गई। पति ने अजंता अस्पताल एंड आईवीएफ सेंटर के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। इस सम्बंध में अमृत विचार ने डॉ. गीता खन्ना से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

मामले की जांच शुरू करा दी गई है। अस्पताल को नोटिस भेज कर इलाज से संबंधित प्रपत्र मांगे गए हैं। महिला के पति को भी बयान के लिए बुलाया गया है।
- डॉ. एनबी सिंह, सीएमओ

यह भी पढ़ेः Shyam Benegal Death: श्याम बेनेगल के निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने व्यक्त किया शोक

संबंधित समाचार