उन्नाव में युवक की हत्या करके अर्धनग्न हालत में फेंका शव; कुकर्म किये जाने की आशंका, गांव के युवकों पर आरोप

उन्नाव में युवक की हत्या करके अर्धनग्न हालत में फेंका शव; कुकर्म किये जाने की आशंका, गांव के युवकों पर आरोप

उन्नाव, अमृत विचार। मौरावां थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक बुधवार को घर से लापता हो गया। गुरुवार सुबह उसका शव अर्धनग्न अवस्था में झाड़ियों में पड़ा मिला। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंकने का गांव के कुछ युवकों पर लगाया है। जांच कर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें उसके शरीर में 9 चोटें मिली हैं। वहीं, उससे कुकर्म किये जाने की आशंका के चलते स्लाइड भी बनाई गई। पुलिस ने हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। 

मौरावां थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी 44 वर्षीय युवक मजदूरी करता था। वह शराब का लती था। बुधवार दोपहर वह घर से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह उसका शव अर्धनग्न हालत में घर से 200 मीटर दूर गांव के रास्ते में नाले के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। इसकी सूचना से पत्नी व दो बेटियों सहित परिवार में कोहराम मच गया। शरीर में गहरी चोटों के निशान देख परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप गांव के युवकों पर लगाया है। 

हत्या की सूचना पर सीओ अजय कुमार सिंह, एसओ चंद्रकांत सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और जांच की। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि बेटा शराब का लती था। वह जो कमाता था शराब में खर्च कर देता था। रुपये न होने पर घर वालों से मांगता या मजदूरी करता था। वह अक्सर देररात घर लौटता था और पीछे के कमरे में सो जाता था। बुधवार रात वह घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह उसका खून से लथपथ अर्धनग्न शव मिला। पिता ने गांव निवासी उसके दोस्त व उसके अन्य साथियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। 

पिता ने पुलिस को बताया कि बेटे से उसके साथी भी शराब पीते थे। कई बार वे लोग बेटे को घर के बाहर डालकर चले जाते थे। नशे में विवाद होने पर बेटे को कई बार बेरहमी से पीटा भी था। मौरावां एसओ चंद्रकांत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के राघवेंद्र उर्फ अंगद सिंह के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीएम रिपोर्ट में ईंट जैसे वजनी वस्तु से हमले की नौ गहरी चोटें मिली हैं। उससे कुकर्म किए जाने की आशंका पर स्लाइड भी बनाई गई है।

यह भी पढ़ें- Kanpur में सरसैया घाट पहुंची सनातन रक्षा यात्रा: हुई गंगा आरती, यात्रा की अध्यक्ष बोलीं- मां गंगा के बिना जीवन की कल्पना नहीं कर सकते