Atul Subhash: अतुल सुभाष केस में बेंगलुरु पुलिस का एक्शन, पत्नी निकिता समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

Atul Subhash Case: बेंगलुरु पुलिस ने आत्महत्या करने वाले इंजीनियर अतुल सुभाष की पत्नी, उसकी सास और साले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया को हरियाणा के गुरुग्राम से तथा निकिता की मां निशा सिंघानिया और उसके भाई अनुराग सिंघानिया को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया।

उसने बताया कि आरोपियों को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर बेंगलुरु लाया गया और स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सुभाष (34) का शव नौ दिसंबर को दक्षिण-पूर्व बेंगलुरु के मुन्नेकोलालु में उसके घर पर फंदे से लटका मिला था।

सुभाष ने वीडियो और नोट में आरोप लगाया था कि उससे अलग रह रही उसकी पत्नी और ससुराल वालों ने ‘‘झूठे’’ मामलों में फंसाकर और ‘‘लगातार उत्पीड़न कर’’ उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया। मराठाहल्ली पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया तथा निकिता और दो अन्य को गिरफ्तार किया है।

शुक्रवार को बेंगलुरु पुलिस ने निकिता सिंघानिया के जौनपुर में स्थित मकान पर नोटिस लगाया था। नोटिस में तीन दिन में बयान दर्ज करने के लिए कहा गया था। इस बीच इलाहाबाद हाई कोर्ट में निकिता सिंघानिया, निशा सिंघानिया और अनुराग सिंघानिया की तरफ से अंतरिम जमानत के लिए अर्जी लगाई गई है।

ये भी पढ़ें- अतुल सुभाष केस: पत्नी निकिता ने मुकदमे वापस लेने के लिए मांगे थे 3 करोड़ और बेटे के लिए 30 लाख

संबंधित समाचार