मुरादाबाद : कैफे पर बजरंग दल का हंगामा, अश्लीलता फैलाने का लगाया आरोप...पुलिस जांच में जुटी
मुरादाबाद। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को रामगंगा विहार में स्थित कैफे-रेस्टोरेंट के बाहर जमकर हंगामा किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रेस्टोरेंट के अंदर पर्दे डालकर छोटे-छोटे केबिन बनाए गए हैं। इनमें लड़के-लड़कियों को मिलवाया जाता है और जमकर अश्लीलता की जाती है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कैफे संचालक मुस्लिम युवकों को नाबालिग हिंदू लड़कियों से मिलवाते है, जिसमें लव जिहाद का खेल खेला जा रहा है। बजरंगियों ने आरोप लगाया कि यह सब स्थानीय चौकी पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है।
बजरंग दल के महानगर प्रमुख अभिनव भटनागर के नेतृत्व में बजरंग दल के कार्यकर्ता रविवार को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित द हट कैफे एंड रेस्टोरेंट पहुंचे और कैफे पर अश्लीलता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि रेस्टोरेंट संचालक रेस्टोरेंट की आड़ में लव जिहाद की मुहिम को चला रहा है। अभिनव भटनागर ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा है कि द हट कैफे एंड रेस्टोरेंट, निर्वाणा और द रॉयल हट कैफे में पर्दों से छोटे-छोटे केबिन बनाए गए हैं। इन्हें रेस्टोरेंट संचालक लड़के-लड़कियों को 300 से 400 रुपये प्रति घंटा में देते हैं। जहां अश्लीलता फैलाई जाती है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दोनों कैफे में मुस्लिम लड़के नाबालिग हिंदू लड़कियों को लेकर आते हैं। इसमें कैफे संचालक उनकी मदद करते है। आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व कैफे संचालक की मदद से एक नाबालिग लड़की के साथ कैफे में गलत काम किया गया। इसकी वीडियो भी कैफे के स्टाफ ने बना ली थी और बाद में इसे वायरल कर दिया गया।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पर्दों में छुपे कैमरों से लड़कियों के वीडियो रिकॉर्ड करके फिर उन्हें इन्हीं वीडियो की मदद से ब्लैकमेल किया जाता है। नाबालिग लड़कियों को स्कूल ड्रेस में होने के बाद भी स्कूल टाइम में यह कैफे अपने यहां एंट्री देते हैं। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने इस मामले में रामगंगा विहार चौकी पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कहा कि रामगंगा विहार चौकी की पुलिस किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही है। वीडियो जिस कैफे में रिकॉर्ड किया गया उसके संचालक के खिलाफ पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है। हंगामे की सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन देकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: मोहम्मद यूनुस का सिर कलम करने पर पांच करोड़ का इनाम
