Bareilly: महिला वकील के लिए आफत बना पति, पहले देखता है क्राइम सीरियल, फिर करता प्रताड़ित 

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार: सनसिटी विस्तार में रहने वाली महिला वकील ने पति पर अपराध के सीरियल और वेब सीरिज देखकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। डर की वजह से वह मामा के घर में रह रही हैं। आरोप है कि पति मकान बेचने का दबाव बना रहा है। महिला की शिकायत पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सन सिटी विस्तार निवासिनी अंशु त्रिपाठी के मुताबिक 1 दिसंबर 2014 को उनका विवाह देवरिया के कोतवाली के गांव पुरादखिला सलेमपुर निवासी राजेश त्रिपाठी से हुआ था। वह दिल्ली हाईकोर्ट एवं पटियाला हाउस दिल्ली की अदालतों में प्रैक्टिस कर चुकी हैं।

बेटे के जन्म के बाद उन्होंने प्रैक्टिस बंद कर दी। पति, ससुर ओमकारनाथ त्रिपाठी, सास संध्या त्रिपाठी, ननद मिन्नी मिश्रा, ननदोई अश्वनी कुमार मिश्रा, दूसरी ननद ममता मिश्रा, नन्दोई राहुल मिश्रा और देवर रवीश त्रिपाठी की नजर उनके सनसिटी विस्तार के मकान पर है। वर्ष 2017 में उनके पिता डॉ. अनिल कुमार के और वर्ष 2018 में मां का निधन हो गया था और वह जून 2023 से अपने पिता के मकान में रहने लगीं।

उनके पति राजेश मध्यप्रदेश में एक बैंक में कार्यरत थे। जब वह बरेली में रहने लगीं तो पति भी यहां आकर रहने लगे। पति अपराध के सीरियल और वेब सीरिज देखकर उनका उत्पीड़न करता है। 15 सितंबर को पति ने उनके और छह वर्षीय बेटे के साथ मारपीट की तो वह अपने मामा के घर पर आकर रहने लगीं और पुलिस से शिकायत की।

शिकायत के बाद राजेश ने कहा कि वह अब उत्पीड़न नहीं करेगा, लेकिन बाद में भी सुधार नहीं हुआ। पति उनके शैक्षिक प्रमाण पत्र भी लेकर भाग गया। अब राजेश और उसके परिजन मकान बेचने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी है।

यह भी पढ़ें- कौन है बरेली का इनामुल? जिसने रची थी आतंकी हमले की साजिश, अब जेल में रहेगा 10 साल

संबंधित समाचार