बरेली गोलीकांड: 8 गिरोह के 65 अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई, राजीव राणा भूमाफिया घोषित

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार: पीलीभीत बाईपास पर करोड़ों की कीमत के प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुए गोलीकांड के मामले में मुख्य आराेपी राजीव राणा के समेत आठ गिरोह पंजीकृत किए गए हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि संगठित अपराधों को रोकने के लिए आठ गिरोह के 65 अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। गिरोह में शामिल फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

थाना प्रभारियों की जांच रिपोर्ट को आधार मानते हुए एसएसपी ने आठ गिरोह पंजीकृत किए हैं। राजीव राणा के गिरोह में 33 सक्रिय सदस्य हैं। गिरोह में शामिल लोग जमीन पर जबरन कब्जा करके रंगदारी वसूलते हैं या फिर फर्जी दस्तावेज बनवाकर महंगे दामों में बिक्री कर देते हैं।

इसके अलावा शाहजहांपुर के तिलहर कस्बे के मोहल्ला कुंवरगंज निवासी सचिन गुप्ता उर्फ सज्जन गुप्ता का गिरोह पंजीकृत किया गया है। सचिन महानगर में रहता है। इसके गिरोह में तीन सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं। ये दोनों गिरोह थाना इज्जतनगर में पंजीकृत किए गए हैं। अवैध शस्त्रों की तस्करी में थाना भोजीपुरा के गांव मुड़िया के लालाराम के गिरोह को पंजीकृत किया गया है। इसमें दो सदस्य हैं। 

गोकशी में पीलीभीत के थाना पूरनपुर के शेरपुर कलां निवासी शाकिर कुरैशी का गिरोह थाना बहेड़ी में पंजीकृत किया गया है। शाकिर बहेड़ी के सिली जागीर में रहने लगा है। शीशगढ़ के मानपुर निवासी अफजाल का गिरोह गोकशी करता है। इसके गिरोह में चार सदस्य हैं।

भोजीपुरा के गांव कंचनपुर निवासी रजत उर्फ गुलचम का गिरोह लूटपाट करता है। इसके गिरोह में दो सक्रिय हैं। वहीं मीरगंज के सिंधौली गांव के इमरान और इज्जतनगर के गांव रहपुरा चौधरी थाना इज्जतनगर के अकरम का गिरोह गोकशी करता है। इमरान के गिरोह में चार और अकरम के गिरोह में छह सदस्य हैं। गिरोह के फरार आरोपियों को पुलिस तलाश रही है।

यह भी पढ़ें- Bareilly: हैवानियत का शिकार होने बची 8 साल की मासूम, दुकानदार ने की दुष्कर्म की कोशिश

संबंधित समाचार