यूपी विधानसभा उपचुनाव: भाजपा 6 सीटों पर जीती, एक सपा के खाते में
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर हुए उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने छह सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं समाजवादी पार्टी को एक सीट पर जीत मिली है। बांगरमऊ सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार ने कांग्रेस की आरती वाजपेयी को 31,398 वोटों के अंतर …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर हुए उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने छह सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं समाजवादी पार्टी को एक सीट पर जीत मिली है।
बांगरमऊ सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार ने कांग्रेस की आरती वाजपेयी को 31,398 वोटों के अंतर से हराया। देवरिया में भाजपा के सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के ब्रह्मशंकर त्रिपाठी को 20,089 मतों से पराजित किया। मल्हनी सीट पर समाजवादी पार्टी के लकी यादव ने 4,632 मतों से निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह को पराजित किया है।
बुलंदशहर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऊषा सिरोही ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार मोहम्मद युनूस को 21 हजार 702 मतों से हराया। भाजपा ने इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा। टूंडला विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार प्रेमपाल सिंह धनगर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के महराज सिंह धनगर को 17683 मतों से हराया।
LIVE Updates:
देवरिया की सदर सीट पर उपचुनाव में भाजपा का कब्जा बरकरार
उत्तर प्रदेश में देवरिया की सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। भाजपा उम्मीदवार डॉ. सत्य प्रकाश मणि ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के ब्रह्माशंकर तिवारी को 20,337 वोटों से पराजित किया है। भाजपा के उम्मीदवार सत्य प्रकाश मणि को 68,501 मत मिले जबकि सपा के ब्रह्माशंकर तिवारी को कुल मत 48,164 मत मिले। बसपा उम्मीदवार अभय नाथ त्रिपाठी को 22,025 जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मुकुंद भास्कर मणि को 3680 मत प्राप्त हुए हैं। देवरिया विधानसभा उपचुनाव में 169203 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसमें से नोटा के पक्ष में 1416 वोट पड़े हैं।
भाजपा छह और निर्दलीय एक सीट पर आगे
उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी छह सीटों पर आगे चल रही है जबकि शेष एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी को बढ़त मिल रही है। इन सीटों पर तीन नवंबर को उपचुनाव हुए थे। इन सात सीटों में से पिछले विधानसभा चुनाव में छह सीटें भाजपा के पास थीं, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गयी थी। मंगलवार को इन सात सीटों पर मतगणना के रुझानों में भाजपा की उषा सिरोही बुलंदशहर सीट से आगे चल रही हैं, जबकि टूंडला सीट से पार्टी के प्रेमपाल डांगर आगे चल रहे है।
भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार (बांगरमऊ), उपेंद्रनाथ पासवान (घाटमपुर), सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी (देवरिया) और संगीता चौहान (नौगांव सादात) अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं। मल्हनी सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह बहुत कम मतों से समाजवादी पार्टी के लकी यादव से आगे चल रहे हैं। बुलंदशहर में भाजपा की उषा सिरोही बसपा के मो यूनुस से 7,175 वोटों से आगे हैं। वहीं टूंडला में भाजपा के प्रेमपाल सिंह डांगर सपा के महाराज सिंह डांगर से 3,925 वोटो से आगे हैं। बांगरमउ सीट पर भाजपा के श्रीकांत कटियार कांग्रेस की आरती बाजपेयी से 12,062 वोटो से आगे हैं।
घाटमपुर सीट पर भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान बसपा के कुलदीप शंखवार से 1,934 वोटों से आगे हैं। देवरिया में भाजपा के सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी सपा के ब्रह्मशंकर त्रिपाठी से 4,816 वोटों से आगे हैं। नौगांव सादात सीट पर पहले समाजवादी पार्टी के जावेद अब्बास आगे चल रहे थे लेकिन अब वह पिछड़ गये हैं और यहां से भाजपा की संगीता चौहान 949 वोटों से आगे चल रही हैं। यह सीट योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन के बाद रिक्त हुई थी और अब भाजपा ने उनकी पत्नी संगीता को उम्मीदवार बनाया है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को हुये उपचुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। इनमें मल्हनी सीट पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के खाते में गयी थी बाकी सीटों पर भाजपा का ही कब्जा था।
भाजपा पांच, सपा एक और निर्दलीय एक सीट पर आगे
मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी पांच सीटों पर जबकि समाजवादी पार्टी एक और निर्दलीय प्रत्याशी एक सीट पर आगे चल रहे हैं। इन सात सीटों पर तीन नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था और पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इनमें से छह पर जीत हासिल की थी।
मंगलवार को इन सात सीटों पर मतगणना के रुझानों में भाजपा की उषा सिरोही बुलंदशहर सीट से आगे चल रही हैं, जबकि टूंडला सीट से पार्टी के प्रेमपाल डांगर आगे चल रहे है। भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार (बांगरमऊ), उपेंद्रनाथ पासवान (घाटमपुर) और सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी (देवरिया) अपने निकटत प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं।
नौगांव सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जावेद अब्बास भाजपा उम्मीदवार संगीता चौहान से 4,028 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं, मल्हनी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार धनंजय सिंह सपा के लकी यादव से करीब 1,236 वोटों से आगे चल चल रहे हैं।
अमरोहा चौथा राउंड
प्रत्याशियो के नाम
बीजेपी संगीता चौहान
मत:- 5920
सपा जावेद आब्दी
मत:- 9948
बसपा फुरकान अहमद
मत:-5389
कांग्रेस डॉक्टर कमलेश
मत:-557
विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है। चौथे राउंड में समाजवादी के उम्मीदवार जावेद आब्दी भाजपा की उम्मीदवार संगीता चौहान से 4028 वोटों से आगे चल रहे हैं।
अमरोहा में तीसरे चरण में सपा उम्मीदवार आगे
अमरोहा के नौगांवा विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सुबह 8:00 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। अब तक तीन चरण की मतगणना पूरी हो चुकी है। जिसमें समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जावेद आब्दी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संगीता चौहान से 4275 वोटों से आगे चल रहे हैं। सुबह के समय दो बीपी पैट नहीं खुल पाए। मतगणना जारी है। नौगांवा सादात की मतगणना 35 राउंड में पूरी होगी। डीएम और एसपी बराबर मतगणना स्थल पर डटे हुए हैं।
पहले चक्र की मतगणना में भाजपा पांच और सपा दो सीटों पर आगे
मतगणना के पहले चक्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच सीटों पर बढ़त हासिल की है वहीं दो में समाजवादी पार्टी (सपा) आगे चल रही है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरिया सदर, बांगरमऊ, घाटमपुर, बुलंदशहर और टूंडला में भाजपा उम्मीवार अपने निकटतम प्रतिद्धंदियों से आगे चल रहे हैं।
वहीं मल्हनी और नौगांव सादात में सपा प्रत्याशियों ने शुरूआती बढ़त हासिल कर ली है। देवरिया में सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी अपने निकटतम प्रतिद्धंदी सपा के ब्रम्हा शंकर त्रिपाठी से 535 मतों से आगे है जबकि बुलंदशहर में ऊषा सिरोही बसपा के हाजी युनूस से 770 वोटों से आगे चल रही हैं।
बांगरमऊ में श्रीकांत कटियार, टूंडला में प्रेमपाल धनगर और घाटमपुर में उपेन्द्र कुशवाहा ने शुरूआती बढ़त हासिल कर ली है वहीं नौगवां सादात सीट पर भाजपा के दिवंगत नेता चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान पहले चक्र की मतगणना में सपा के सैयद जावेद अब्बास से पिछड़ गयी हैं। जौनपुर की मल्हनी सीट पर सपा के लकी यादव भाजपा के मनोज सिंह से आगे चल रहे हैं।
देवरिया सदर, बुलंदशहर, कानपुर की घाटमपुर (सु), अमरोहा की नौगावां सादात, फिरोजाबाद की टूंडला (सु),उन्नाव की बांगरमऊ और जौनपुर की मल्हनी सीट पर तीन नवम्बर को वोट डाले गये थे। इन सीटों पर कुल 88 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है हालांकि अधिसंख्य सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। मतगणना के एक घंटे के भीतर रुझान आने की उम्मीद है।
