संभल : पेड़ के सहारे फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

जगदीशपुरी गांव में हुई घटना, गुरुवार शाम से गायब था मुलायम सिंह

चन्दौसी/कुढ़फतेहगढ़, अमृत विचार। कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव कोकावास के मझरा जगदीशपुरी में शुक्रवार सुबह युवक का शव जंगल में पाखड़ के पेड़ के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हालांकि युवक की मौत की गुत्थी आत्महत्या या हत्या में उलझी हुई है। पुलिस जांच कर रही है।

गांव जगदीशपुरी निवासी प्रमोद कुमार का पुत्र मुलायम सिंह (21) दिल्ली में रहकर शादी समारोह में खाना बनाता है। मंगलवार को वह दिवाली मनाने के लिए दिल्ली से घर आया था। गुरुवार शाम वह घर से गायब हो गया। शुक्रवार सुबह जंगल जा रहे बच्चों ने अब्दुल वाहिद के खेत में खड़े पाखड़ के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान मुलायम सिंह के रूप में की। घटना की सूचना मृतक युवक के परिजनों को दी गई। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पेड़ पर लटके शव को नीचे उतारा। इस बीच फॉरेसिंक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की तहरीर दी गई है। 

प्रेमिका से मिलने गया था युवक 
चन्दौसी, अमृत विचार: ग्रामीणों का दावा है कि युवक गुरुवार को गांव में ही अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और कमरे में बंद कर दिया। खुद को घिरा देखा तो मौका मिलते ही वह छत से नीचे कूद गया। लेकिन युवक अपने घर नहीं पहुंचा। अगले दिन शुक्रवार सुबह युवक का शव पेड़ पर लटका मिला।

ये भी पढ़ें - संभल : मुठभेड़ में गोली लगने से घायल गो तस्कर गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी भी घायल

संबंधित समाचार