अमरोहा : पूर्व विधायक हरपाल सिंह बसपा पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल

अमरोहा : पूर्व विधायक हरपाल सिंह बसपा पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल

पार्टी की सदस्यता दिलाते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी। 

गजरौला, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद गजरौला की चेयरपर्सन राजेंद्री उर्फ उमा के पति एवं पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने बसपा का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने उन्हें लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पटका एवं पगड़ी पहनाकर सदस्यता ग्रहण कराई।

बता दें कि हरपाल सिंह ने अपनी राजनीति की शुरूआत भाजपा से ही की थी। वे गंगेश्वरी से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। इसी के साथ गजरौला नगर पंचायत गजरौला के चेयरमैन पद की जीत उनकी भाजपा के ही चुनाव चिह्न पर हुई थी। हरपाल सिंह लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री के पद पर भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2022 में जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव आए तो उन्होंने भाजपा से धनौरा विधानसभा में टिकट न मिलने की स्थिति में पार्टी छोड़ दी, पहले वे कुछ समय राष्ट्रीय लोकदल में रहे तो उसके बाद बसपा पार्टी में पहुंचे।

बसपा ने उन्हें धनौरा विधानसभा से टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा, जिसमें उन्हें तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा और भाजपा से विधायक राजीव तरारा दूसरी बार चुनाव जीते। नगर पालिका के चुनावों में पूर्व विधायक हरपाल सिंह की पत्नी राजेन्द्री उर्फ उमा को बसपा ने सिंबल देकर मैदान में उतारा और उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कमलेश आर्या को चुनाव हराकर जीत हासिल की।

पिछले कुछ समय से उनके बसपा छोड़ने की अटकलें जोरों पर थीं, उन अटकलों पर बुधवार को उस वक्त विराम लग गया, जब पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के सानिध्य में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत उनके फोटो आदि सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो अमरोहा की राजनीति कई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ये भी पढे़ं : कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव : बसपा प्रत्याशी रफतउल्ला ने कराया नामांकन, सपा-भाजपा पर टिकीं नजरें