हल्द्वानी: ससुराल में लटका मिला दामाद, हत्या का आरोप

हल्द्वानी: ससुराल में लटका मिला दामाद, हत्या का आरोप

हल्द्वानी, अमृत विचार। ससुराल गये युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव ससुराल के आंगन में लगे पेड़ से लटका मिला। मामले को एक माह बीत चुका है। मृतक के परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। नाराज परिजनों ने बुधवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन का घेराव किया।

मूलरूप से रौशिला काठगोदाम निवासी गिरीश आर्या पुत्र गोपाल राम आर्या रुद्रपुर स्थित एक कंपनी में काम करता था और रुद्रपुर में पत्नी के साथ रहता था। गिरीश के भाई चंदन राम ने बताया कि गिरीश की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। आरोप है कि पत्नी व उसका परिवार गिरीश पर हमेशा पैसों के लिए दबाव बनाता था। उसकी पत्नी पूजा ससुराल के बजाय मायके में रहना चाहती थी। मायका, ससुराल से एक किलोमीटर दूर है।

जिसके बाद गिरीश पत्नी को रुद्रपुर ले गया। वहां भी दोनों में लड़ाई-झगड़े होते थे। 15 सितंबर को पूजा बिना बताये मायके चली गई। गिरीश लेने पहुंचा तो पूजा ने साथ जाने से इंकार कर दिया। ससुरालियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। 21 सितंबर को गिरीश अपना एटीएम, मोबाइल और कमरे की चाबी लेने फिर ससुराल गया, लेकिन लौट कर नहीं आया। अगली सुबह गिरीश ससुराल से 20 कदम दूर पेड़ से लटका मिला।

आरोप है कि पत्नी व ससुरालियों ने मिलकर उसकी हत्या की और कृत्य छिपाने के लिए उसे पेड़ से लटका दिया। पोस्टमार्टम के बाद चंदन राम ने आरोपियों के खिलाफ काठगोदाम थाने में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की।

यह भी पढ़ें - रुद्रपुर: सड़क हादसे में हल्द्वानी की स्कूटी सवार युवती की मौत