रामपुर: बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार को बनाया बंधक, घर से लूटा सवा तीन लाख का माल, फरार

रामपुर: बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार को बनाया बंधक, घर से लूटा सवा तीन लाख का माल, फरार

सैफनी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव छितौनी में नकाब पोश बदमाश मौका पाकर घर में घुस गए। उसके बाद परिवार को हथियारों के बल पर लेकर घर में रखा चार तोले सोने के जेवर एक किलो चांदी और कुछ नकद रुपया लेकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। परिवार के लोगों ने लूट की पुलिस को तहरीर दी है।

सैफनी थाना क्षेत्र के छितौनी गांव निवासी गृहस्वामी चरन सिंह  का कहना है कि  सोमवार देर रात वह अपने घर की बैठक में सो रहा था। गृहस्वामी के घर के बराबर उसके भाई का खाली मकान है। जिस पर ताला लगा रहता है, पीड़ित गृहस्वामी का आरोप है कि रात में करीब 12 बजे के समय लगभग आधा दर्जन बदमाश उसके बराबर के मकान का ताला तोड़कर खाली मकान की छत पर चढ़कर घर में घुस आए। 

आहट सुनते ही परिवार के लोग जाग गए और चिल्लाने लगे। जिसके बाद बदमाशों ने महिलाओं को कमरे में बंदकर दिया। पीड़ित की पुत्र वधु के कनपटी पर बंदूक भी रख दी। उसके बाद घर में रखा चार तोला सोना, एक किलो चांदी, घर में रखे नए कपड़े व चार हजार की नकदी समेत बदमाश लगभग सवा तीन लाख का माल समेट कर फरार हो गए। 

बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए। गृहस्वामी की सूचना पर  गश्त कर रही पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले कि छानबीन की। पीड़ित गृहस्वामी के दो बेटे दिल्ली में काम करते हैं। सूचना पाकर वह मंगलवार सुबह अपने घर आ गए। 

पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई  की मांग की है। पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। दूसरी ओर, कुछ दिन पूर्व थाना क्षेत्र के रवाना गांव में एक ही रात में चार घरों से हुई चोरी की घटना का  पुलिस खुलासा तो दूर पुलिस  रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की है।

मुंह में कपड़ा ठूंसा, मारपीट की

बदमाशों ने करीब एक से डेढ़ घंटे तक उत्पात मचाया। इस दौरान महिलाओें के विरोध करने पर उनको पीटा। पीड़ित चरन सिंह के बेटे  सूरजपाल का कहना है कि उसकी साली भी घर पर आई हुई थी। जब दोनों बहनों और उसकी मां ने शोर मचाने का प्रयास किया,तो बदमाशों ने तीनों  के साथ मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान करीब एक घंटे तक सभी लोग सहमे रहे। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों बहनों से अभद्रता की। सास द्वारा विरोध करने पर उसको पीट दिया। 

दो बदमाश घर के  बाहर कर रहे थे रैकी

लोगों का कहना है कि रात 12 बजे चार बदमाश जोकि नकाब पोश थे  वे घर में घुस आए। दो बदमाश घर के बाहर रैकी कर रहे थे। ताकि कोई भी व्यक्ति बाहर का घर के अंदर नहीं जा सके। घर के अंदर का बाहर नहीं आ सके। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद से गांव के लोग सहम गए हैं।
 
घर में चरन सिंह के छोटे बेटे की कुछ माह के बाद होनी है शादी

छितौनी निवासी चरन सिंह ने बताया कि उसने अपने बड़े बेटे की शादी कर दी है। अब उसके छोटे बेटे का रिश्ता लग चुका है। तीन चार माह में शादी होगी जिसको लेकर परिवारीजन सोने का जेवर एकत्र कर रहे थे। जेवर चले जाने के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने घटना का जायजा लिया। पीड़ितों ने पुलिस द्वारा धमकाने का आरोप लगाया गया है। 

लूटपाट में कोई करीबी हो सकता शामिल

जिस तरह से चरन सिंह के घर में घुसकर बदमाशों ने घटना को  अंजाम दिया है। उससे जाहिर होता है कि इसमे पीड़ित चरन सिंह का कोई  अपना शामिल है। जिसको यह पता  है कि चरन सिंह के पड़ोस में बना मकान बंद रहता है। इसके अलावा  उसके घर में शादी को लेकर सोने का सामान खरीदा जा रहा है। सूरजपाल की साली आई है। यह सब बातें सोचने के बाद किसी अपने ने सारी जानकारी बदमाशों को देकर घटना को अंजाम दिया है।

मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। - महेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी, सैफनी 

यह भी पढ़ें- रामपुर: पुलिस से मुठभेड़ में दो गो तस्कर हुए घायल...पैर में लगी गोली, चार आरोपी गिरफ्तार, ये सामान बरामद...