हल्द्वानी डिपो को मिल सकती हैं 10 से अधिक बसें

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पहाड़ जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। उत्तराखंड परिवहन निगम को अगले सप्ताह मुख्यालय से 130 रोडवेज बसें मिल जाएंगी। जिससे लंबे समय से बंद पड़े पर्वतीय क्षेत्रों में बसों का संचालन होने और अन्य रुटों में पुरानी बसों की जगह नई बसें चलने से यात्रियों का सफर सुविधाजनक होगा।

विभिन्न डिपो में नई बसें मिलने से पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। हल्द्वानी डिपो को 10 से अधिक बसें मिलने की संभावना है। एआरएम सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मुख्यालय से ही बसों का बंटवारा किया जाएगा। नई बसों को पर्वतीय रुटों पर चलाया जाएगा और वर्तमान में पर्वतीय रुटों पर चल रही बसों को नैनीताल व अन्य रुटों पर चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हल्द्वानी डिपो से न्यूनतम 10  बसों की मांग की गई है। इसी तरह काठगोदाम डिपो को भी 10 से 12 बस मिलने की संभावना है। इसके साथ ही अल्मोड़ा, भवाली, रानीखेत, रामनगर, लोहाघाट, बागेश्वर, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, श्रीनगर और कोटद्वार पर्वतीय डिपो को भी नई बसें मिलेंगी। नई बसें मिलने से इन सभी डिपो से कई रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। जिससे पर्वतीय रुटों से आवागमन करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

पहली बार चलेंगी बीएस-6 बसें
उत्तराखंड में पहली बार बीएस-6 मॉडल की बसें चलाई जाएंगी। बसों के संचालन के लिए तकनीकी कार्मिकों और चालकों को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पहली बार की जाएंगी संचालित निगम के महाप्रबंधक तकनीकी अनिल सिंह गर्ब्याल ने टाटा कंपनी को प्रशिक्षण के संबंध में एक पत्र भेजा है। साथ ही समस्त डिपो के सहायक महाप्रबंधकों के नंबर कंपनी के साथ साझा किए हैं।

यह भी पढ़ें - हल्द्वानी: तनाव, चिंता और नींद की कमी है चिड़चिड़ेपन का कारण, मनोचिकित्सक की सलाह दे सकती है राहत