National Film Awards: राष्ट्रपति ने मिथुन चक्रवर्ती और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं को किया सम्मानित 

National Film Awards: राष्ट्रपति ने मिथुन चक्रवर्ती और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं को किया सम्मानित 

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया और संगीतकार ए आर रहमान, अभिनेता ऋषभ शेट्टी, अभिनेत्री नित्या मेनन और मानसी पारेख सहित 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के अन्य विजेताओं को भी सम्मानित किया। वर्ष 2022 के लिए सिनेमा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अगस्त में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की गई थी।

यहां विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारतीय सिनेमा दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म उद्योग है, क्योंकि यह ‘‘कई भाषाओं और क्षेत्रों’’ में फिल्में बनाता है। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘यह कला के क्षेत्र में सबसे विविध क्षेत्र है।’’ उन्होंने कहा कि आज पुरस्कार प्राप्त करने वाले 85 लोगों में से केवल 15 महिलाएं हैं। 

1

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आज करीब 85 लोगों को पुरस्कार मिला है, लेकिन उनमें केवल 15 महिलाएं हैं...फिल्म उद्योग में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में और अधिक प्रयास किए जा सकते हैं। मेरा मानना ​​है कि फिल्में और सोशल मीडिया समाज में बदलाव लाने का एक बड़ा साधन हैं।’’ राष्ट्रपति ने चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्राप्त करने के लिए बधाई दी। मलयालम फिल्म ‘‘आट्टम: द प्ले’’ ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का शीर्ष पुरस्कार जीता, साथ ही पटकथा और संपादन श्रेणियों में भी पुरस्कार जीता। 

हिंदी फिल्म ‘‘ऊंचाई’’ के लिए सूरज आर बड़जात्या को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया। इसी फिल्म के लिए नीना गुप्ता को अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। हरियाणवी फिल्म ‘‘फौजा’’ के लिए पवन मल्होत्रा ​​को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार कन्नड़ फिल्म ‘‘कांतारा’’ के लिए ऋषभ शेट्टी को मिला, जिसे संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार भी मिला। नित्या मेनन (तमिल फिल्म ‘‘तिरुचित्रम्बलम’’) और मानसी पारेख (गुजराती फिल्म ‘‘कच्छ एक्सप्रेस’’) ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान साझा किया। 

3

संगीतकार ए आर रहमान ने मणिरत्नम की फिल्म ‘‘पोन्नियिन सेलवन-1’’ में अपने काम के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व संगीत का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता। इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म का पुरस्कार भी प्राप्त किया। रहमान और मणिरत्नम दोनों के लिए यह सातवां राष्ट्रीय पुरस्कार है। रहमान ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनका सातवां राष्ट्रीय पुरस्कार मणिरत्नम की फिल्म से मिला है। मणिरत्नम ने रहमान को ‘‘रोजा’’ में संगीत देने का मौका दिया था। 1992 की फिल्म ‘‘रोजा’’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन श्रेणी में अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। 

उन्होंने कहा, ‘‘यह सातवां राष्ट्रीय पुरस्कार है और मैं ईश्वर और उन सभी फिल्म निर्माताओं का बहुत-बहुत आभारी हूं जिन्होंने मुझे ये राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाने में मदद की, विशेषकर मणिरत्नम का।’’ मनोज बाजपेयी को ‘‘गुलमोहर’’ के लिए ‘स्पेशल मेंशन’ अवॉर्ड मिला। इस फिल्म के लिए राहुल वी चिट्टेला को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार भी मिला। प्रीतम को ‘‘ब्रह्मास्त्र-भाग एक’’ के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का पुरस्कार मिला। 

ये भी पढ़ें- 'बिग बॉस 18' में कुछ अद्भुत यादें और रिश्ते बनाना चाहती हूं : शिल्पा शिरोडकर 

ताजा समाचार

संभल: पुलिस ने किया खुलासा: थप्पड़ मारने से आहत मूक बधिर ने गला रेतकर की थी दोस्त की हत्या, यह सच भी आया सामने...
बम निरोधक दस्ते ने खंगाला बेलसरडीहा गांव, विस्फोट मामले में 6 पर एफआईआर 
बहराइच में इलाज के दौरान बालिका की मौत पर लापरवाही का आरोप : परिजनों का हंगामा
Kanpur: सदस्यता अभियान के टॉप जनप्रतिनिधियों में सांगा पहले नंबर पर, सांसद रमेश अवस्थी व राहुल बच्चा किस स्थान पर हैं? यहां पढ़ें...
बदायूं: गर्भवती महिला की मौत, ससुरालीजनों पर जहरीला पदार्थ देकर मारने का आरोप
Kanpur: डिजिटल अरेस्ट करने वाले 4 अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरफ्तार, गिरोह का सरगना फरार, आरोपी ऐसे करते थे ठगी...