फेसबुक फ्रेंड ने होटल में मिलने बुलाया, दुष्कर्म करके बना ली वीडियो : 15 लाख ऐंठने के बाद भी यह फरमाइश

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

अमृत विचार, लखनऊ :  ठाकुरगंज थाने में एक महिला ने फेसबुक फ्रेंड के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि फेसबुक फ्रेंड से दोस्ती हो जाने बाद आरोपित ने उससे मिलने का झांसा दिया। फिर होटल में रुम बुक कर उससे जबरन सम्बन्ध बनाए। इस बीच आरोपित ने उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। वीडियो के आधार पर आरोपित ने ब्लैकमेल कर उससे लाखों रुपये भी ऐंठ लिए है। फिलहाल, पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

 प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय के मुताबिक, बालागंज हरीनगर निवासी महिला ने मिर्जापुर एटा निवासी फेसबुक फ्रेंड विकास यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में महिला ने बताया कि जून 2022 में विकास ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसके एक्स्पेट करने बाद दोनों में बातचीत शुरू हो गई। महिला ने बताया कि विकास आगरा में नौकरी करता है। कई बार आरोपित ने महिला को आगरा में मिलने के लिए बुलाया, लेकिन वह उससे मिलने नहीं गई। बातचीत में महिला ने विकास को यह भी बताया कि पति से उसका अलगाव है। उसकी एक बेटी भी है।

यह सब जानने के बाद  जनवरी 2023 में विकास लखनऊ पुलिस लाइन में आया। इस बीच महिला भी उससे मिलने पहुंची। आरोपित महिला को चारबाग के एक होटल में लेकर गया। होटल पहुंचने पर आरोपित ने शराब पी और नशे की हालत में कई बार उससे दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि इसी बीच आरोपित ने उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।  वीडियो के आधार पर आरोपित उसे ब्लैकमेल करने लगा। महिला का कहना है कि दबाव बनाकर विकास ने उसे आगरा बुलाया। वह बेटी को लेकर आगरा पहुंची तो विकास बेटी को साथ देख बौखला गया और उससे अभद्रता करने लगा। पीड़िता का कहना है कि कुछ माह बाद आरोपित उससे शादी का दबाव बनाने लगा। जून 2023 में आरोपित ने उससे शादी रचा ली। जब वह गर्भवती हुई तब आरोपित ने बालागंज के एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया। महिला का आरोप है कि विकास ने उसे प्रताड़ित कर कई मदों में उससे 15 लाख रुपये ऐंठ लिए। तंग आकर महिला ने फेसबुक फ्रेंड के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। फिलहाल, सर्विलांस टीम की मदद से आरोपित की तलाश की जा रही है।

 

संबंधित समाचार