अमरोहा : गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ राम सिंह बौद्ध का नाम, 'मन की बात' रोडियो कार्यक्रम से मिली प्रेरणा  

 1257 रेडियो का संग्रहालय बनाने पर मिली उपल्बधि

अमरोहा : गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ राम सिंह बौद्ध का नाम, 'मन की बात' रोडियो कार्यक्रम से मिली प्रेरणा  

गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड का पत्र दिखाते राम सिंह बौद्ध

गजरौला (अमरोहा),अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम से प्रेरित होकर रेडियो संग्रहालय बनाने वाले रामसिंह बौद्ध का सपना साकार हो गया है। उनके संग्रहालय को अति उत्कृष्ट मानते हुए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज किया गया है। उनके संग्रहालय में वर्षों पुराने 1257 रेडियो शामिल हैं। 

गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में नाम शामिल पर राम सिंह बौद्ध ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 3 अक्टूबर 2014 को प्रारंभ किए गए मन की बात कार्यक्रम से उन्हें रेडियो संग्रहालय बनाने की प्रेरणा मिली। हालांकि वह रेडियो एकत्र करने में काफी समय जुटे थे। लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ने उन्हें उत्साह दिया। इसके बाद वह अपनी आंखों में रेडियो संग्रहालय बनाने का बड़ा सपना देखने लगे। वर्ष 2023 में राम सिंह बौद्ध के इस कार्य की प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम मन की बात में की तो उनकी ख्याति और भी बढ़ गई। उनके रेडियो संग्रहालय को देखने के लिए दूर दराज के लोग पहुंचने लगे हैं।

मंडलीय व जिला प्रशासन की टीम इसका निरीक्षण कर चुकी है। इस संग्रहालय को और आगे बढ़ाने के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी। वर्ष 2023 के दिसंबर में उन्होंने गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में अपने संग्रहालय को दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। कई महीने की लंबी जांच प्रक्रिया के बाद गुरुवार को उनका नाम गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में शामिल होने का पत्र प्राप्त हुआ तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

उन्होंने बताया कि गिनीज ने उनके 1257 रेडियो के आधार पर यह उपलब्धि दी है। प्रधानमंत्री के मन की बात रेडियो कार्यक्रम से प्रेरित होकर उन्होंने ऐसा काम किया है। इस पर अमरोहा समेत प्रदेश और देश भर को गर्व है। राम सिंह बौद्ध ने कहा कि वह रिकार्ड की मूल प्रति आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करेंगे और उनसे आग्रह करेंगे कि वह इस संग्रहालय का अवलोकन करने के लिए आएं। कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री उनके संग्रहालय को देखने के लिए जरूर आएंगे और मार्गदर्शन करेंगे।

ये भी पढे़ं : अमरोहा : मात्र 21 दिन में छात्र ने पास कर ली कक्षा 5, धर्म के स्थान पर लिख दिया हिंदी...प्राथमिक विद्यालय में सामने आया लापरवाही का मामला