मुरादाबाद : मंत्री धर्मपाल सिंह बोले- किसान सुखी, तो सब सुखी के संकल्प को साकार कर रही सरकार

निराश्रित गोवंश की रक्षा, संरक्षण, संवर्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता-धर्मपाल सिंह

मुरादाबाद : मंत्री धर्मपाल सिंह बोले- किसान सुखी, तो सब सुखी के संकल्प को साकार कर रही सरकार

मुरादाबाद।  प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि व्यवस्थाओं पर समाज चलता है। भारत कृषि प्रधान देश है। 75 प्रतिशत लोग खेती पर आधारित हैं। जिसमें 60 प्रतिशत सीधे खेती करते हैं। 10 प्रतिशत पशुपालन और 5 प्रतिशत लोग इसमें मजदूरी करते हैं। उन्होंने कहा कि किसान सुखी, तो सब सुखी, किसान दुखी तो सब दुखी, अर्थात किसान हंसता है तो पूरा देश हंसता है। भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार इसी संकल्प को साकार कर रही है।  प्रधानमंत्री का विजन समाज के हर वर्ग का कल्याण करना है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि किसानों की आय दोगुनी होगी। इसके लिए खेती के साथ पशुपालन पर भी ध्यान देना होगा। निराश्रित गोवंश की रक्षा, संरक्षण, संवर्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। 

मंत्री धर्मपाल सिंह रविवार को कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के गागन तिराहा के निकट भाजपा किसान व पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज देशी गोवंश के पालन, संरक्षण से किसान समृद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि गाय के नस्ल सुधार की आवश्यकता है। सरकार गोशाला स्थापित करने पर सरकार अनुदान दे रही है। इसके अलावा सरकार मुर्गी पालन, बकरी पालन पर भी सरकार अनुदान और बैंकों से ऋण दिला रही है। उन्होंने कहा बकरी पालन बहुत लाभकारी है। डेंगू बुखार में बकरी का दूध बहुत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालकों को प्रोत्साहित कर रही है। गोवंश संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि किसानों को विज्ञान में भी रुचि रखनी चाहिए। वैज्ञानिक आधारित परियोजनाओं का लाभ भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के लिए लगातार योजनाओं को लागू कर रही है। पहली बार ज्वार, बाजरा, मक्का की भी सरकार खरीद करा रही है। 2025 तक 5 करोड़ किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा है।  उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज दुग्ध उत्पादन में नंबर एक है। उन्होंने बरेली में अपनी विधानसभा क्षेत्र में लगे प्लांट का उदाहरण दिया।  मंत्री ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा, बेहतर सुरक्षा केंद्र और प्रदेश सरकार इसके लिए संकल्पित और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकार हिंदू मुस्लिम में भेदभाव करती थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदू, मुस्लिम सभी वर्ग के किसानों को एक समान किसान सम्मान निधि का लाभ दिया।

प्रदेश सरकार में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि कुंदरकी विधानसभा के उप चुनाव को जीतने के लिए हर स्तर पर काम करना है। भाजपा से जो भी प्रत्याशी आएगा उसे जिताकर विधानसभा में भेजना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार ने किसानों के हित में हमेशा काम किया है। मुख्यमंत्री ने सरकारी ट्यूबवेलों पर मुफ्त पानी मिल रहा है। कृषि विभाग की ओर से छूट पर सोलर पंप दे रही है। हम 45,000 सोलर पंप किसानों को देने जा रहे हैं। सोलर पंप बीमा के साथ दिया जा रहा है। काउंटर पर ही किसानों को सब्सिडी छोड़कर खाद बीज, कृषि यंत्र दिया जा रहा है। केंद्र सरकार सालाना 6000 रुपये किसान सम्मान निधि दे रही है। जल्द ही इस योजना की 18वीं किस्त किसानों के खाते में जाएगी। 

राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि देश में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार चल रही है। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीति पर योजनाओं को क्रियान्वित किया। 4 करोड़ से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला। देश के 50 करोड़ लोगों से अधिक को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है। किसानों को सब्सिडी के आधार पर खाद बीज मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में किसान आज सुरक्षित है। उसका सम्मान सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि न सिर्फ किसान सुरक्षित है बल्कि उनका पशु भी सुरक्षित है। इसलिए कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के होने वाले चुनाव में कमल के फूल निशान वाले भाजपा के प्रत्याशी को जिताने में जुटने की जरूरत है। 

भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने कहा कि किसान अन्नदाता हैं। भाजपा की सरकारों ने सबसे अधिक किसानों को सम्मान दिया है। उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। कहा कि कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में विकास सिर्फ डबल इंजन की सरकार में ही हो सकता है। इसलिए यहां भाजपा का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।  

भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने कहा कि किसानों को गुमराह करने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा, भाजपा केवल चुनाव के लिए काम नहीं करती, हमेशा जनहित के लिए समर्पित रहती है। आभार ज्ञापन संभल लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे परमेश्वर लाल सैनी ने किया। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश ठाकुर, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतेंद्र चौधरी, अनुज विश्नोई जिला महामंत्री किसान मोर्चा, जिला महामंत्री किसान मोर्चा अजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष दीपक सक्सेना, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के रतनपुर मंडल के अध्यक्ष विजय सिंह, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष आनंदी प्रसाद प्रजापति आदि मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : सवालों के घेरे में स्थानीय पुलिस, शरीर पर चढ़ने के तुरंत बाद कैसे बंद हुआ ट्रैक्टर?