कानपुर में चोरी के इरादे से घर में घुसे चोर: जागने पर झोंका फायर, गोली लगने से किशोरी घायल, आधा दर्जन हिरासत में

पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी

कानपुर में चोरी के इरादे से घर में घुसे चोर: जागने पर झोंका फायर, गोली लगने से किशोरी घायल, आधा दर्जन हिरासत में

कानपुर, अमृत विचार। शिवराजपुर थानाक्षेत्र के विरैचामऊ गांव में शुक्रवार रात एक घर में चोरी करने के इरादे से घुसे बदमाश घर में मौजूद लोगों के जागने पर फायर करते हुए मौके से भाग निकले। बदमाशों के गाेली चलाने पर एक किशोरी को जा लगी। घटना में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर जांच पड़ताल में जुट गई है।

शिवराजपुर थानाक्षेत्र के विरैचामऊ गांव निवासी अजय शर्मा उर्फ कल्लू कारपेंटर का काम करते है। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ उसके भाई के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने अपनी ससुराल कानपुर देहात जनपद में झींझक थाना क्षेत्र की कठिका गांव गए थे। 

घर पर उनकी बड़ी बेटी दीपांशी, छोटी बेटी सुधि, बेटा आकाश मौजूद थे। शाम को उनके चाचा बृज किशोर शर्मा का बेटा दीपक व उसके मामा का लड़का प्रदीप भी उन्हीं के घर पर सोने के लिए आ गए थे। सभी लोग घर में सो रहे थे, इसी दौरान कुछ चोर उनके घर चोरी करने के लिए पहुंचे। खटपट की आवाज सुनकर उनकी बेटी सुधि जाग गई और शोर मचाते हुए चोर को पकड़ने का प्रयास करने लगी। इस पर चोरों ने उसके ऊपर फायर झोंक दिया। 

चोरों के गोली चलाने से किशोरी सुधि के पैर में जा लगी। जिससे वह गिर पड़ी और चोर मौके से फरार हो गए।  फायर होते ही तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

घटना की जांच पड़ताल में जुटी पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को रात में हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Kanpur: चकेरी पाली फोरलेन निर्माण का मामला: 34 काश्तकारों की अधिग्रहीत की जाएगी भूमि...जल्द लगेंगे कैंप