Ranbir Kapoor Birthday : रणबीर कपूर को विरासत में मिली अभिनय की कला, इन सुपरहिट फिल्मों में किया काम

Ranbir Kapoor Birthday : रणबीर कपूर को विरासत में मिली अभिनय की कला, इन सुपरहिट फिल्मों में किया काम

मुंबई। बॉलीवुड के रॉकस्टार रणबीर कपूर आज 42 वर्ष के हो गये। मुंबई में 28 सितंबर, 1982 को जन्में रणबीर को अभिनय की कला विरासत में मिली। रणबीर के पिता ऋषि कपूर और मां नीतु सिंह बॉलीवुड के मशहूर कलाकार रहे हैं। बचपन से ही रणबीर पढ़ाई के साथ-साथ अभिनय के प्रति भी रुचि रखते थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल से पूरी की।

रणबीर ने अपनी स्कूली शिक्षा के बाद, एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स, मुंबई से कॉलेज की पढ़ाई शुरू की। हालांकि, उन्हें अपने सपनों की ओर बढ़ने का जुनून हमेशा से था। इस जुनून ने उन्हें न्यूयॉर्क की ओर रुख करने के लिए प्रेरित किया, जहां उन्होंने फिल्म निर्माण और अभिनय की गहन जानकारी प्राप्त की।रणबीर ने न्यूयॉर्क के स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट्स में फिल्म निर्माण का कोर्स किया।


इसके बाद उन्होंने प्रसिद्ध ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से अभिनय का प्रशिक्षण लिया। रणबीर कपूर ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म 'सांवरिया' से की। इसी फिल्म से अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर ने भी शुरूआत की थी।संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी 'सांवरिया' यूं तो टिकट खिड़की पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी लेकिन रणबीर का अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आया। इस फिल्म के लिये रणबीर फिल्म फेयर के डेब्यू पुरस्कार से सम्मानित किये गये। वर्ष 2009 में प्रदर्शित फिल्म 'वेक अप सिड'रणबीर के करियर की पहली हिट फिल्म साबित हुयी। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'वेक अप सिड' में रणबीर ने संजीदा अभिनय किया था।

इस फिल्म के लिए रणबीर को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्म फेयर क्रिटिक्स पुरस्कार दिया गया। वर्ष 2010 में रणबीर को प्रकाश झा की फिल्म 'राजनीति' में काम करने का अवसर मिला। राजनीति पर आधारित इस फिल्म में भी रणबीर ने संजीदा अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।वर्ष 2011 में प्रदर्शित फिल्म 'रॉकस्टार' ने रणबीर को फिल्म इंडस्ट्री में सही पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका दिलाई। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर ने एक बार फिर से संजीदा अभिनय किया। इस फिल्म के लिये रणबीर को पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया। इसी फिल्म के लिये उन्हें फिल्म फेयर का क्रिटिक्स पुरस्कार भी दिया गया। 

वर्ष 2012 में प्रदर्शित फिल्म 'बरफी' ने रणबीर को न सिर्फ भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी ख्याति दिलाई। अनुराग बासु के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया। इस फिल्म के लिये भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।वर्ष 2013 में प्रदर्शित फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' रणबीर कपूर के करियर की सबसे कामयाब फिल्म साबित हुयी। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर की छवि एक रॉकस्टार की थी। युवाओं को ध्यान में रखकर बनायी गयी इस फिल्म में रणबीर और दीपिका पादुकोण की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 190 करोड़ का शानदार व्यापार किया। वर्ष 2013 में रणबीर की फिल्म 'बेशर्म' प्रदर्शित हुयी।

इस फिल्म में रणबीर ने अपने माता-पिता नीतु सिंह और ऋषि कपूर के साथ काम किया। अभिनव कश्यप के निर्देशन में बनी यह फिल्म टिकट खिड़की पर कोई कमाल नही दिखा सकी। वर्ष 2015 में रणबीर कपूर की 'रॉय' , 'बांबे वेलवेट'और 'तमाशा' जैसी फिल्में प्रदर्शित हुयी लेकिन ये फिल्में भी टिकट खिड़की पर कोई कमाल नही दिखा सकीं। वर्ष 2016 में रणबीर कपूर की फिल्म ' ऐ दिल है मुश्किल' प्रदर्शित हुयी जो हिट साबित हुयी। वर्ष 2018 में रणबीर कपूर की फिल्म 'संजू' प्रदर्शित हुयी जो बॉक्स ऑफस पर हिट साबित हुयी। इस फिल्म में रणबीर कपूर ने संजय दत्त का किरदार निभाया था।

इसके बाद रणबीर कपूर ने वर्ष 2022 में 'ब्रह्मास्त्र और वर्ष 2023 में तू झूठी मैं मक्कार और एनिमल जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया। वर्ष 2022 में रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट से शादी कर ली। दोनों को एक बेटी है, जिसका नाम उन्होंने राहा रखा है। रणबीर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में वह साई पल्लवी और यश के साथ नजर आएंगे। 

ये भी पढे़ं: IIFA Utsavam 2024 : आईफा उत्सवम 2024 में फिल्म 'पोन्नियिन सेल्वन II' का दबदबा, ऐश्वर्या राय को मिला बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड

ताजा समाचार

Video: गोंडा मेडिकल कालेज में स्ट्रेचर नहीं मिला तो बीमार मां को गोद में लेकर अस्पताल पहुंचा बेटा, अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा
बरेली: पाकिस्तान पर होगा कब्जा, मोदी-योगी में है अखंड भारत बनाने का दम :शहाबुद्दीन
भारत और उज्बेकिस्तान के उद्योग उठाएं बीआईटी का लाभ: सीतारमण
IND vs BAN 2nd Test : बारिश के कारण कानपुर टेस्ट के दूसरे दिन का खेल धुला, नहीं फेंकी जा सकी एक भी गेंद  
निर्मला सीतारमण पर जबरन वसूली का आरोप, कोर्ट ने दिया प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश, जानें पूरा मामला
प्रतापगढ़: पुलिस लाइन परिसर में करंट लगने से कांस्टेबल की मौत, बाराबंकी का रहने वाला था सिपाही