रामपुर : 22 दिन से फरार आरोपी अस्पताल संचालक के घर पर नोटिस चस्पा

किशोरी का अपरहण कर दुष्कर्म के आरोपी को कोर्ट ने भगोड़ा किया घोषित

रामपुर : 22 दिन से फरार आरोपी अस्पताल संचालक के घर पर नोटिस चस्पा

स्वार, अमृत विचार। किशोरी का अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी अस्पताल संचालक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित करने के बाद उसकी गिरफ्तारी न होने पर कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया है। जिस पर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने शुक्रवार को मुनादी कराकर आरोपी साजिद अली पाशा के घर पर नोटिस चस्पा किया है। शीघ्र गिरफ्तारी नही हुई तो संपत्ति कुर्क की जाएगी।

तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी की 15 वर्षीय बेटी को दो युवक 31अगस्त को कार से अपहरण कर ले गए थे। मामले में दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने 5 सितंबर को किशोरी को बरामद कर एक युवक को कार के साथ गिरफ्तार किया था। किशोरी ने कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीनगर उत्तरी स्थित ग्रीन सिटी हास्पिटल के संचालक साजिद अली पाशा और उसके साथी उत्तराखंड के थाना बाजपुर गांव कनौरा निवासी मुदस्सर पर कार से अपहरण करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल संचालक साजिद अली पाशा पर  जगह जगह ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के नाम जोड़कर पकड़े गए आरोपी मुदस्सर को जेल भेज दिया था। जबकि मुख्य आरोपी साजिद अली पाशा तभी से फरार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी साजिद अली पाशा पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशे दे रही है,लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। आरोपी की गिरफ्तारी और कोर्ट में समर्पण न करने पर कोर्ट ने शुक्रवार को सख्ती अपनाते हुए आरोपी साजिद अली पाशा को भगोड़ा घोषित कर पुलिस को मुनादी कराकर उसके आवास पर नोटिस चस्पा करने के निर्देश दिये। शुक्रवार को सीओ अतुल कुमार पांडे व कोतवाल संदीप त्यागी पुलिस बल के साथ आरोपी के ग्रीन सिटी हास्पिटल व अलीनगर उत्तरी स्थित मैरिज हाल बीएस गार्डन पहुंच गए।आरोपी को भगोड़ा घोषित कर मुनादी करा उसके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया।

आखिर कहां गया साजिद, पुलिस  को नहीं पता
स्वार पुलिस अस्पताल संचालक को पकड़ पाने में नाकाम साबित हो रही है लेकिन पुलिस उसकी तलाश में दबिश देने का दावा कर रही है। 22 दिन से लगातार  वह पुलिस को चकमा दे रहा है। अदालत द्वारा की जा रही कार्रवाई पर पुलिस अमल कर रही है। स्वार में अस्पताल संचालक पर हो रही कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
 
अगर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी या फिर उसने  कोर्ट में समर्पण नहीं किया तो उसकी संपत्ति की कुर्की की जाएगी। अदालत के आदेश का पालन कराया जा रहा है। -अतुल कुमार पांडे, सीओ स्वार