अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन से जुड़ेगा गोंडा का पार्वती अरगा पक्षी विहार-कीर्तिवर्धन 

ईको पर्यटन की तर्ज पर विकसित करने पर हो रहा काम 

अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन से जुड़ेगा गोंडा का पार्वती अरगा पक्षी विहार-कीर्तिवर्धन 

गोंडा, अमृत विचार: जिले के वजीरगंज स्थित पार्वती अरगा पक्षी विहार को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन से जोड़ा जाएगा। केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार इस स्थल को ईको पर्यटन की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री शुक्रवार को टिकरी वन रेंज के पार्वती अरगा पक्षी विहार में स्वच्छता सेवा सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जल्द ही इस स्थल के विकास के लिए बजट जारी होने की उम्मीद जताई है। 

विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर शुक्रवार को जिले के टिकरी वन रेंज स्थित पार्वती अरगा पक्षी विहार में स्वच्छता सेवा सप्ताह के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वन विभाग की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदर्शनी, पौधरोपण एवं तमाम अन्य  कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। वन विभाग की तरफ से  आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने लोगों को आर्द्र भूमियों के संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने वन मंत्रालय और जिले के अफसरों के साथ पार्वती अरगा पक्षी विहार को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने पर चर्चा की। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि इस स्थल को ईको पर्यटन के तौर पर विकसित करने के लिए अफसरों संग वार्ता चल रही है‌।

केंद्र और प्रदेश सरकार पार्वती अरगा पक्षी विहार को ईको पर्यटन के तौर पर विकसित करने की योजना तैयार कर रही है। जल्द ही इसे अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन से जोड़ने की योजना है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि स्थल के विकसित हो जाने से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होने कहा कि सरकार जल्द ही इस स्थल के विकास के लिए बजट‌ जारी करेगी। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह व जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने पक्षी विहार में पौधारोपण भी किया। इस दौरान वन संरक्षक कंजरवेटर मनोज सोनकर, डीएफओ पंकज शुक्ला, पूर्व ब्लाक प्रमुख यूपी सिंह, पवन सिंह समेत वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिकारी कर्मचारी भी शामिल रहे। 

ब्रिटिश हुकूमत के तर्ज पर काम कर रहे विपक्षी दल

केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कुछ विपक्षी पार्टियों ब्रिटिश हुकूमत की तर्ज पर काम कर रही हैं। जम्मू कश्मीर में होने जा रहे हैं चुनाव पर उन्होंने कहा कि इन राजनीतिक पार्टियों को देश की चिंता नहीं है लेकिन भाजपा अलगाववादी ताकतों को दबाने का काम करेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि आज पीएम मोदी की पूरे विश्व में स्वीकार्यता है। हर अंतर्राष्ट्रीय मामले पर भारत और पीएम मोदी का दखल रहता है। उन्होने जंगली जानवरों के हमले पर कहा कि जंगली जानवरों का नेचर समझने की जरूरत है। यह जानवर भी पर्यावरण का अंग हैं। यह जंगल छोड़ क्यों बस्तियों की ओर घूम रहे हैं इसको लेकर काम चल रहा है।