लखनऊः प्रगति भारत महोत्सव 20 अक्टूबर से, सांस्कृतिक संध्या में दिखेगी भारतीयता की झलक 

लखनऊः प्रगति भारत महोत्सव 20 अक्टूबर से, सांस्कृतिक संध्या में दिखेगी भारतीयता की झलक 

लखनऊ, अमृत विचार। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट की और से आगामी 20 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक कांशीराम स्मृति उपवन में प्रगति भारत महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजक विनोद कुमार सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि इस महोत्सव में देश के सभी राज्यों का प्रतिनिधित्व होगा। इस महोत्सव में हैण्डलूम हैण्डी क्राफ्ट, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रनिक और बैंकिंग के स्टाल प्रमुख आकर्षण का केन्द्र होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रगति भारत महोत्सव में केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय, उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग और नाबार्ड की सहभागिता रहेगी। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एनवी सिंह ने बताया कि प्रगति भारत महोत्सव-2024 में भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक विभूतियों को प्रगति भारत महोत्सव सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि प्रगति भारत महोत्सव में होने वाली सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न राज्यों और के लोक नृत्य और लोक गायन के कार्यक्रम होंगे। इनमें उत्तर प्रदेश का रास नृत्य, झूला नृत्य, मयूर नृत्य, राजस्थान का घूमर नृत्य, पंजाब का गिद्दा-भांगड़ा, हरियाणा का झूमर नृत्य, बिहार का जाट जाटिन नृत्य, झारखंड का फगुआ नृत्य, महाराष्ट्र का लावणी नृत्य, गुजरात का गरबा नृत्य के साथ अन्य राज्यों के लोक नृत्य और लोक गायन के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा कवि सम्मेलन, मुशायरा, जादू, कठपुतली, बिरहा और आल्हा के कार्यक्रम होंगे।

प्रगति भारत महोत्सव में बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षक झूलों के साथ घोड़े और ऊंट की सवारी की भी व्यवस्था की गई है। लोगों की सुरक्षा के लिए पूरे महोत्सव परिसर और परिसर के बाहर हर स्थान पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएंगे। महोत्सव के सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और सुरक्षा गार्डों द्वारा सघन जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अलावा महोत्सव स्थल पर अस्थाई पुलिस चौकी भी प्रशासन के सहयोग से बनेगी।

यह भी पढ़ेः ITI में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, 30 तक कर सकेंगे आवेदन