रामपुर : हमारे देश के इतिहास की पहचान है हिंदी... छात्र अभिनंदन-कवि सम्मेलन में दी प्रस्तुतियां

रामपुर : हमारे देश के इतिहास की पहचान है हिंदी... छात्र अभिनंदन-कवि सम्मेलन में दी प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में सम्मानित हुए बच्चे एवं कवि।

रामपुर, अमृत विचार। हिंदी पखवाड़े के तहत पल्लव काव्य मंच की ओर से श्री हरि सरस्वती शिशु मंदिर जूनियर हाईस्कूल प्रबंधन समिति के संरक्षक अनिल अग्रवाल के संयोजन में छात्र अभिनंदन तथा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना से आरंभ हुए कार्यक्रम के पहले चरण में विद्यालय के 29 छात्र-छात्राओं ने राजभाषा हिंदी को लेकर अपनी कविताओं तथा वक्तव्यों के माध्यम से प्रस्तुतियां दी गईं। 

मंच पर आसीन अतिथियों द्वारा बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पल्लव काव्य मंच तथा स्कूल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्थानीय कवियों ने राजभाषा हिन्दी, अन्य समसामयिक विषयों पर अपने सुंदर काव्य पाठ से समां बांध दिया।  काव्य पाठ करते हुए महाराज किशोर सक्सेना ने कहा कि मैंने कहा मैं कब हारा, जीवन के हारे हार है। राजवीर सिंह राज ने कहा, मां तू शारदे करता हूं मैं नमन,अपनी भक्ति शक्ति का वरदान दो। 

गजलकार ओंकार सिंह विवेक ने हिन्दी की महत्ता को प्रतिपादित करते हुए अपनी काव्य प्रस्तुति दी-हमारे देश के इतिहास की पहचान है हिन्दी, नहीं है झूठ कुछ इसमें हमारी शान है हिन्दी, पूनम दीक्षित ने कहा सबसे मधुर सबसे सरस हमारी प्यारी हिन्दी है। कवि पतराम सिंह ने कहा- हूं अज्ञानी दो ज्ञान मुझे सब तुम्हें समर्पित करता हूं। डॉ. प्रीति अग्रवाल ने कहा- जीवन की हर मुश्किल सहकर आगे बढ़ते जाना,जो भी रोके उससे लड़कर आगे बढ़ते जाना। अनमोल रागिनी चुनमुन ने कहा कि-आज झरोखों से यादों के बचपन दौड़ा आया,पापा ने चांटा मारा मम्मी ने दुलराया। 

सुरेन्द्र अश्क रामपुरी ने कहा उल्फतों का नगर नहीं होता,अब कोई चारागर नहीं होता, शिव कुमार चंदन ने कहा, कुत्ते पलते हर गली कचरा खाती गाय,घी मक्खन दुर्लभ हुए मिले हर जगह चाय। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राज्यपाल पुरस्कार विजेता शिक्षक मुनीश चन्द्र शर्मा ने हिन्दी की दशा और दिशा पर विस्तार से प्रकाश डाला। संयोजक  अनिल कुमार अग्रवाल ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके व्यक्तित्व तथा कृतित्व पर प्रकाश डाला।  

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पल्लव काव्य मंच के अध्यक्ष शिव कुमार चंदन द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन पल्लव काव्य मंच के उपाध्यक्ष गजलकार ओंकार सिंह विवेक द्वारा किया गया। कार्यक्रम में  उमेश कुमार,विवेक अग्रवाल,केशव गुप्ता,जगन्नाथ चावला,वीर सिंह यादव,अर्जुन यादव तथा राजेश सक्सैना आदि सम्मिलित रहे।

ये भी पढ़ें : रामपुर: महिला से दुष्कर्म का आरोपित दुग्ध संघ का अध्यक्ष गिरफ्तार, रुद्रपुर पुलिस ने चाकू बाजार से पकड़ा