दीपोत्सव पर मिलेगी एक और फोरलेन की सौगात  : नाका चुंगी से रायबरेली ओवर ब्रिज तक जाम से मिलेगी मुक्ति

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

परियोजना पर खर्च हुए हैं 17.64 करोड़

अयोध्या, अमृत विचार : अयोध्या को विश्व पर्यटन के मानचित्र पर लाने में जुटी योगी सरकार नगरवासियों को यातायात के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात देने वाली है। इस वर्ष अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव से पहले शहर के नाका चुंगी से रायबरेली मार्ग ओवरब्रिज तक फोरलेन सड़क की सौगात प्रदेश सरकार देने जा रही है। इस मार्ग के बन जाने के बाद नाका क्षेत्र में लगने वाले  जाम से नगरवासियों को राहत मिल जाएगी। 

नगर क्षेत्र में नाका चुंगी से मंडी गेट मार्ग तक हर समय जाम लगा रहता है। ऐसे में आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। हाईवे के निकट होने के कारण शहर आने वाले लोगों को नाका होकर आना पड़ता है। एयरपोर्ट होने के कारण देश-विदेश से आने वाले लोग शहर में जाने के लिए इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। देश के अन्य प्रांतों व अन्य देशों से अयोध्या आने वाले लोगों के साथ नगरवासियों को जाम से राहत देने के लिए अयोध्या नगर में नाका चुंगी से जनसंपर्क मार्ग 750 मीटर फोर लेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। 

85 फीसदी कार्य हो चुका है पूरा 

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता शशि भूषण सिंह ने बताया कि इस सड़क के निर्माण पर 17.64  करोड़ रुपये की लागत आ रही है। हमारी पूरी कोशिश है कि दीपोत्सव तक यह सड़क बनकर तैयार हो जाए। बनाई जा रही रोड के दोनों तरफ ढाई-ढाई मीटर का पाथवे व बीच में डिवाइडर भी बनाया जाएगा। अब तक लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।

पहली बार बिना घर तोड़े बना है मार्ग 

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पहली बार नगर में ऐसा कोई फोरलेन बना है, जिसमें किसी का मकान आड़े नहीं आया। इस फोरलेन मार्ग का निर्माण सितंबर 2023 में शुरू हुआ था। इसके फुटपाथ स्टैंप कंक्रीट वाले हाेंगे। फुटपाथ पर ऐसा प्रयोग अयोध्या धाम में ही अभी हुआ है।

संबंधित समाचार