कासगंज: एफओबी निर्माण ने रोका आधा दर्जन ट्रेनों का रास्ता, दैनिक यात्रियों की मुसीबत बढ़ी

प्लेटफार्म संख्या 2 व 3 पर हो रहा है निर्माण कार्य, कासगंज व बधारी कलां के बीच ट्रेनें निरस्त

कासगंज: एफओबी निर्माण ने रोका आधा दर्जन ट्रेनों का रास्ता, दैनिक यात्रियों की मुसीबत बढ़ी

मोहनपुरा, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के कासगंज जंक्शन स्टेशन को अमृत भारत योजना के अंतर्गत शामिल होने के बाद स्टेशन के कायाकल्प का कार्य किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर प्लेटफार्म संख्या 2 व 3 पर निर्माण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है। जिसके चलते रेल प्रशासन की तरफ से आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट व शार्ट ओरिजनेट कर दिया गया है। 

यात्रियों को ट्रैक पार करने के लिए उपरिगामी पैदल पुल एवं स्वचालित सीढियां भी बनाई जाएंगी। इसी निर्माण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थाई रूप से बाधित किया है। कासगंज कानपुर रूट पर कुछ ट्रेनें बधारी कलां और कासगंज जंक्शन के मध्य एवं कुछ कासगंज सिटी और जंक्शन के मध्य निरस्त की गई हैं। ट्रेनों के अस्थाई निरस्तीकरण के कारण यात्रियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक यात्रियों के सामने अपने ड्यूटी स्थल तक पहुंचने के लिए तमाम चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। सुबह 8 बजकर 55 मिनट पर कासगंज से कानपुर की ओर जाने वाली गाड़ी से बड़ी संख्या में दैनिक कर्मचारी एवं यात्री नियमित यात्रा करते हैं। ऐसे में संचालन बाधित होने से उनके सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। यात्रियों को ट्रेन में बैठने के लिए बधारी कलां तक मनमाना किराया देकर जाना पड़ रहा है।

इन ट्रेनों का संचालन हुआ है बाधित
फर्रुखाबाद से चलकर सुबह 07.55 पर कासगंज पहुंचने वाली यात्री ट्रेन संख्या 05053 आगामी 4 अक्टूबर तक बधारी कलां स्टेशन तक आएगी। कानपुर से चलकर शाम 04.50 पर कासगंज जंक्शन पहुंचने वाली ट्रेन संख्या 15037 आगामी 3 अक्टूबर तक बधारी कलां तक ही आएगी। दोनों ट्रेनों का संचालन बधारी कलां एवं कासगंज जंक्शन के बीच निरस्त रहेगा। लालकुआं जंक्शन से चलकर रात्रि 12.10 पर कासगंज जंक्शन पहुंचने वाली ट्रेन संख्या 15062 कासगंज सिटी स्टेशन तक ही आएगी। यह ट्रेन कासगंज सिटी व कासगंज जंक्शन के बीच 3 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी। सुबह 08.55 पर कासगंज जंक्शन से बनकर कानपुर को जाने वाली ट्रेन संख्या 15040 का संचालन बधारी कलां से किया जाएगा। यह ट्रेन कासगंज जंक्शन और बधारी कलां स्टेशन के बीच 4 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी। कासगंज जंक्शन से रात्रि 09.10 पर फर्रुखाबाद जंक्शन को जाने वाली ट्रेन संख्या 05389 का संचालन बधारी कलां स्टेशन से किया जाएगा। यह ट्रेन भी कासगंज जंक्शन एवं बधारी कलां स्टेशन के बीच 3 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी। लिहाजा यात्री इन ट्रेनों के अस्थाई निरस्तीकरण को ध्यान में रखकर यात्रा करें।

ऑटो रिक्शा चालकों ने जमकर काटी चांदी
ट्रेनों के अस्थाई निरस्तीकरण के कारण कानपुर एवं फर्रुखाबाद से कासगंज आने वाली ट्रेनों को बधारी कलां तक लाया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों के सामने बधारी कलां से कासगंज तक आने के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। इस स्थिति में ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों ने मौके का जमकर फायदा उठाया और यात्रियों से मनमाना किराया वसूल किया। बधारी कलां से कासगंज तक का किराया 10 रुपए है लेकिन आलम ये था कि ऑटो चालकों ने पांच से छः गुना तक किराया वसूला और यात्री 50 से 60 रुपए देने को मजबूर रहे। वहीं कुछ ऑटो चालक यात्रियों से 30 से 40 रुपए तक वसूल रहे हैं।