लखीमपुर खीरी: सीएम डैशबोर्ड...कानून व्यवस्था में पिछड़ा जिला, रैंकिंग में गिरकर पहुंचा 53 वें स्थान पर

कानून व्यवस्था को लेकर फिसड्डी साबित हुई पुलिस

लखीमपुर खीरी: सीएम डैशबोर्ड...कानून व्यवस्था में पिछड़ा जिला, रैंकिंग में गिरकर पहुंचा 53 वें स्थान पर

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री डैश बोर्ड की तरफ से जारी रैकिंग में लखीमपुर खीरी पुलिस का काफी खराब प्रदर्शन रहा है। कानून व्यवस्था का ग्राफ तेजी से गिरा है। अगस्त माह की रैंकिंग में जिले को 53 वां स्थान प्राप्त हुआ है। रैंकिंग में पड़ोसी बहराइच को छोड़कर अन्य तीन जिलों से बेहद खराब प्रदर्शन रहा है।
 
प्रदेश की कानून व्यवस्था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली प्राथमिकता है। प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की गति पर नजर रखने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड व्यवस्था लागू की थी। सभी विभागों को अपने कार्यों का लेखा-जोखा इस पर अपडेट करना होता है। इसी आधार पर प्रदेशभर के विभागों के कामकाज की रिपोर्ट जारी होती है, जिसमें प्रदेश के काम के आधार पर रैंकिंग मिलती है। डैशबोर्ड की रिपोर्ट में लखीमपुर खीरी की कानून व्यवस्था प्रदेश के 75 जिलों में 53 वें पायदान पर है। इससे यह बात साफ हो गई है कि लखीमपुर खीरी में कानून व्यवस्था में काफी गिरावट आई है। वहीं पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर की कानून व्यवस्था बेहतर रही है। उसे प्रदेश में चौथा स्थान मिला है। इसके अलावा सीमावर्ती सीतापुर 44 वें, पीलीभीत 51 वें स्थान पर रहा है। बहराइच जिले की रैकिंग में 66 वां स्थान प्राप्त हुआ है। कानून व्यवस्था की रैंकिंग गिरने पर एसपी ने मातहत अधिकारियों से नाराजगी जताई है और इसमें सुधार करने पर जोर दिया है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि रैंकिंग में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।