रामपुर: अस्पताल संचालक समेत 2 आरोपी 5 दिन तक किशोरी से करते रहे दुष्कर्म

किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने दो अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

रामपुर: अस्पताल संचालक समेत 2 आरोपी 5 दिन तक किशोरी से करते रहे दुष्कर्म

स्वार (रामपुर) अमृत विचार। किशोरी का अपहरण कर अस्पताल संचालक ने अपने साथी के साथ अलग-अलग जगह ले जाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर अस्पताल संचालक के साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अस्पताल संचालक फरार हो गया। पुलिस ने किशोरी के बयानों के आधार पर उसके पिता की ओर से अस्पताल संचालक तथा उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी की 15 वर्षीया किशोरी को क्षेत्र के ही दो युवक 31 अगस्त की रात अपहरण करके ले गए थे। परिजनों ने शक के आधार पर पुलिस को दो युवकों को नामजद करते हुए 3 लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार की देर शाम पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था। पुलिस ने किशोरी के अपहरण में प्रयुक्त की गई थार व मुदस्सर नामक युवक को भी गिरफ्तार किया था।

किशोरी ने पुलिस को बताया कि तहसील क्षेत्र के गांव अली नगर उत्तरी निवासी ग्रीन सिटी हास्पिटल का संचालक साजिद अली अपने साथी उत्तराखंड के थाना बाजपुर के गांव कनोरा निवासी मुदस्सर के साथ उसका थार से अपहरण करके ले गए थे। अस्पताल संचालक ने अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस पर पुलिस ने मुकदमे में साजिद अली पाशा एवं मुदस्सर का नाम भी शामिल कर लिया।

इसके बाद मुदस्सर को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। अस्पताल संचालक और उसके साथी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दुष्कर्म पीड़ित के पिता को धमकाने में दो को भेजा जेल

स्वार, अमृत विचार : दुष्कर्म की पीड़िता के पिता को धमकाने पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। एसडीएम ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। दुष्कर्म के आरोपी अस्पताल संचालक साजिद पाशा के पिता द्वारा पीड़ित के पिता को धमकाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने गुरुवार को थार व किशोरी को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।

किशोरी ने पुलिस के सामने ग्रीन सिटी हॉस्पिटल के संचालक साजिद अली पाशा एवं उसके साथी मुदस्सर के नाम बताये। इस पर साजिद अली का पिता वाजिद लाला और गांव जालफनगला निवासी तौफीक के साथ कोतवाली के बाहर खड़े पीड़िता के पिता को धमकाने लगा। शोर शराबा सुनकर वहां भीड़ लग गई।

लोगों ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वाजिद लाला नहीं माना। इस पर किशोरी के पिता ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को सूचना दी। तब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एसडीएम की कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद पुलिस ने किया सेक्स रैकेट का खुलासा, होटल संचालक समेत दो गिरफ्तार