तेजस्विनी सम्मान: नारी शक्ति को किया नमन, दुनिया के लिए मिसाल बनी महिलाएं सम्मानित 

एक उम्मीद संस्था की ओर से हवेली सभागार में आयोजित तेजस्विनी समारोह 

तेजस्विनी सम्मान: नारी शक्ति को किया नमन, दुनिया के लिए मिसाल बनी महिलाएं सम्मानित 

बरेली, अमृत विचार: एक उम्मीद संस्था की ओर से रविवार को हवेली सभागार में तेजस्विनी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें नारी शक्ति को नमन करते हुए दुनिया के लिए मिसाल बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में अमृत विचार के संपादक शंभु दयाल वाजपेयी, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर डा. उमेश गौतम, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला, केसीएमटी चेयरमैन गिरधर गोपाल खंडेलवाल, उपनिदेशक महिला कल्याण नीता अहिरवार मौजूद रहे। सभी अतिथियों की ओर से कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलन के साथ की गई। कार्यक्रम में फनसिटी के एमडी अनिल अग्रवाल ने सभी अतिथियों को पौध भेंट कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में एक उम्मीद संस्था के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाओं की ओर से प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में सारेगामापा कार्यक्रम में टॉप-30 तक पहुंचने वाली बरेली की अरुणिमा शर्मा ने भी गिटार प्रस्तुति दी। एक उम्मीद संस्था की अध्यक्षा अमिता अग्रवाल ने बताया कि हमारा उद्देश्य महिलाओं के असाधारण कार्यों को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन उन महिलाओं के संघर्ष और सफलता की कहानी है जिन्होंने समाज में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाया है। तेजस्विनी सम्मान के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस सम्मान के लिए बरेली से करीब 150 आवेदन किए गए। इनमें से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 महिलाओं व बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संस्था की ओर से कि जा रहे है महिला सशक्तिकरण के कामों के बारे में जानकारी साझा की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से चुनी गई महिलाओं को तेजस्विनी सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें गायन, साहित्य, संगीत, खेल, कला, और समाज सेवा जैसे विविध क्षेत्रों की हस्तियां शामिल रहीं। इस आयोजन में सम्मानित महिलाओं को प्रतीक चिह्न, प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक सम्मानित महिला ने अपने जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों को साझा किया और समाज में बदलाव लाने की प्रेरणा दी। इस दौरान व्यापारी नेता राजीव बूवना, हरीश विग, डीजीसी क्राइम रीतराम राजपूत समेत सैंकड़ों लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

हर क्षेत्र में बेटियां लहरा रहीं परचम
कार्यक्रम में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बताया कि इन तेजस्विनी सम्मान प्राप्त करने वाली बेटियों और महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपना योगदान देकर देश-विदेश में बरेली के गौरव को बढ़ाया है। इसके साथ ही इनकी प्रतिभा को सम्मानित करने के लिए एक उम्मीद संस्था भी धन्यवाद के पात्र है। शहर महापौर डा. उमेश गौतम ने बताया कि आज बेटो से अधिक बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अपना परचम लहरा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन ने न केवल सम्मानित महिलाओं की उपलब्धियों को मान्यता दी बल्कि समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया। तेजस्विनी सम्मान जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और समाज में अपना स्थान स्थापित करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि इन बेटियों के सम्मान को अमृत विचार समाचार पत्र के माध्यम से भविष्य में और महिलाएं भी अपने हुनर से समाज को नई दिशा देंगी। 

एक उम्मीद संस्था के ये सदस्य रहे मौजूद
राधा सिंह, मनजीत विग, नीलू मेंदीरत्ता, रेनू महाजन, शामिनी खंडेलवाल, ज्योति अगवाल, रुचि अग्रवाल, सीमा जैन, बबिता रस्तोगीी, सुनीता गुप्ता, अनीता गुप्ता, तुलिका गोयल, डा. नीलिमा गौड़, अंबुज गुप्जा, कोमल कपूर समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इनको मिला तेजस्विनी सम्मान
- डा. सिम्मी तोमर- 800 महिलाओं को मुर्गी पालन के माध्यम से आत्म निर्भर बनाने वाली केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान की प्रधान वैज्ञानिक डा. सिम्मी तोमर को तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- अरुणिमा शर्मा- वर्ष 2017 में मशहूर गायन शो सारेगामापा में बरेली की बेटी अरुणिमा शर्मा ने अपने आवाज का जादू बिखेर कर टॉप-30 में जगह बनाई। अरुणिमा को गायन के क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- खुशबू कन्नौजिया- वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में हुए एशियाई खेलों में सेपक टाकरा के रेगू इंवेट में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम का हिस्सा रहीं। उन्हें खेल के क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।
- वारणी शुक्ला- लंबे समय से कला के क्षेत्र में अपने आसाधारण प्रतिभा से बरेली का नाम रोशन करने पर वारणी को तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- शिप्रा पाठक- संगीत के क्षेत्र में बरेली का नाम रोशन करने वाली शिप्रा पाठक को तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- निरुपमा अग्रवाल- अपनी कलम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली निरुपमा अग्रवाल को साहित्य क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- मेघना मल्होत्रा: मनोविज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मेघना मल्होत्रा को महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयास को प्रोत्साहित करने के लिए तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- सहज गुलाटी-15 साल की बरेली की बिटिया सहज गुलाटी जिन्होंने मिस टीन ग्रांड इंडिया के खिताब को जीतकर बरेली का नाम रोशन किया है। उन्होंने सौदंर्य के क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- मानसी राणा- 2024 में एनसीसी कैडेट्स के तौर पर दिल्ली में कर्तव्य पथ पर हुई गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा रही मानसी राणा को एनसीसी गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन के लिए तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- अर्चना सागर- कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन की आपूर्ति व अन्य आवश्यक सामानों की जानकारी अपने ब्लॉग के माध्यम से देकर समाज की मदद करने पर अर्चना सागर को ब्लॉगिंग क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- रिद्धिम शर्मा- मूक बधिर रिद्धिम शर्मा को एथलेटिक खेल में शानदार प्रदर्शन करने पर खेल के क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- रचना पाठक- 8 महिलाओं को रोजगार उनके परिवारों को सशक्त बनाने के लिए रचना पाठक को स्वरोजगार प्रेरणा के क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।

- सुधा बाला- महिलाओं को व्यापार के लिए प्रोत्साहित करने वाली सुधा बाला को व्यापार के क्षेत्र में तेजस्विनी पुरस्कार दिया गया।