मुरादाबाद : दहेज उत्पीड़न में पत्नी को यातनाएं देने वाला सिपाही पति गिरफ्तार, गरम पेचकस से शरीर गोद...नाखून भी उखाड़ दिए थे
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र निवासी सिपाही ने दहेज उत्पीड़न में पत्नी के साथ दरिंदगी की हदें पार करने के मामले में पुलिस ने पुलिसकर्मी पति को गिरफ्तार किया है। वही मां-बाप को शुक्रवार को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी सिपाही ने गर्म पेचकस से अपनी पत्नी के शरीर को कई जगह दाग दिया था। पीड़िता की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़िता के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के नसीरपुर निवासी सुखवीर सिंह ने दी तहरीर में बताया था कि उन्होंने अपनी बेटी शिवाली की शादी तीन साल पहले पाकबड़ा के गांव जेवड़ा निवासी विकास सिंह के साथ की थी। विकास उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है और उसकी तैनाती उन्नाव जिले में है। उन्होंने आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही विकास और उसके पिता सत्यप्रकाश सिंह और मां विनोद देवी शिवाली को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। दहेज में कार की मांग करते थे। इसी बीच बेटी को जन्म देने के बाद शिवाली का उत्पीड़न और बढ़ गया।
13 अगस्त को पति विकास छुट्टी लेकर घर आया था और उसने शिवाली के साथ मारपीट की। दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। विरोध करने पर आरोपी सिपाही ने गर्म पेचकस से पत्नी के शरीर को गोद दिया। आरोपी ने उसके नाखून तक उखाड़ दिए थे। विकास ने उसे तरह- तरह की यातनाएं दीं। पीड़िता जान बचाकर अपने रिश्तेदार के यहां भाग गई। सूचना पर पहुंचे पीड़िता के पिता ने पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई के दौरान पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी सिपाही पति को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी के मां-बाप को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस विधिक कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : संभल के हरिहर मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे शिव सैनिक, पुलिस ने रास्ते में रोका...हुई नोकझोंक और धक्का-मुक्की
