Video-किसी का साथ मिले या न मिले, हिंदुत्व के लिए लड़ाई जारी रखेंगे : उदय प्रताप 

Video-किसी का साथ मिले या न मिले, हिंदुत्व के लिए लड़ाई जारी रखेंगे : उदय प्रताप 

कुंडा/ प्रतापगढ़, अमृत विचार। भदरी कोठी में हाउस अरेस्ट किए गए जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत का वीडियो जारी कर प्रशासन पर हिंदुओं का दमन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि किसी का साथ मिले या न मिले वह हिंदुत्व के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। हम हिंदुत्व के लिए जो कर सकते हैं करते रहेंगे। कहा कि शेखपुर में जिस फाटक को लेकर विवाद चल रहा है उसको हटाने के बाद कुछ दूर पर दूसरा फाटक लगा दिया गया।

उदय प्रताप सिंह ने कहा कि वह प्रशासन के रवैये के खिलाफ धरने पर बैठने जा रहे थे। शेखपुर में मोहर्रम पर एक फाटक लगाया गया था। उससे पांच सौ मीटर दूर दूसरा फाटक लगा दिया गया। इसके विरोध में वह धरने पर बैठने जा रहे थे। जिस पर उनको बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह हिंदुत्व को बचाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखें। कहा कि यदि हिंदू समाज नहीं जागा तो मिट जाएगा यह तय है। हिंदू समाज जागृत नहीं हुआ तो फ्रांस, जर्मनी और इंग्लैंड जैसे हालात यहां भी होने में देरी नहीं है। उदय प्रताप ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश और केंद्र दोनों जगह पर है, बावजूद इसके हिंदुओं की सुनवाई नहीं हो रही है। इसका ही परिणाम भाजपा को लोकसभा में मिला है और सीटें कम हुई हैं। भाजपा का यही ढर्रा रहा तो आने वाले चुनाव में और भी खराब स्थिति होगी।

22 (11)


ससुर के समर्थन में राजा भैया की पत्नी भानवी ने सीएम से की दखल की मांग
मोहर्रम के पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह के पिता उदय प्रताप सिंह को प्रशासन ने हाउस अरेस्ट कर दिया। ऐसे में अपने ससुर के समर्थन में राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए सीएम से दखल की मांग की। 

23 (16)

भानवी सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नारी हूं लड़ सकती हूं, बिना रुके मैं चल सकती हूं। क्षत्राणी हूं रण से क्यों भागूं। लड़कर जीतूं या मर सकती हूं। प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित पोस्ट लिखा कि दाऊ साहब को हर बार मोहर्रम के पहले हाउस अरेस्ट करना उचित नहीं है। हमारे बुजुर्ग ससुर बड़े महाराज ने हिंदुत्व और मानवता के लिए बहुत काम किया है। आखिर उनसे किसको डर है। हिंदुत्व के पोषक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आप प्रशासन को निर्देश दें कि भदरी रियासत का अपमान और दाऊ साहब का अपमान कोई न करे। इस पोस्ट के बाद कुंडा इलाके में खलबली मच गई।

उदय प्रताप के करीबी ने हनुमान मंदिर में किया पूजन
राजा उदय प्रताप सिंह के निर्देश पर बुधवार दोपहर में उनके करीबी निर्भय सिंह ने शेखपुर आशिक में स्थित हनुमान मंदिर में पूजन - अर्चन किया। उनके साथ कुंडा कोतवाल सत्येंद्र सिंह, शेखपुर आशिक अस्थाई थाना प्रभारी संजय सिंह के अलावा भारी पुलिस फोर्स व पीएसी तैनात रही।

ये भी पढ़ें -या हुसैन की मातमी सदाओं के बीच कर्बला में दफन किए गए ताजिए