कासगंज: दुल्हन शादी के लिए पहुंची धर्मशाला, दूल्हा 10 लाख की डिमांड पूरी न होने पर परिवार समेत फरार

कासगंज: दुल्हन शादी के लिए पहुंची धर्मशाला, दूल्हा 10 लाख की डिमांड पूरी न होने पर परिवार समेत फरार
demo image

कासगंज, अमृत विचार। एक ओर घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और दुल्हन दिल में ढेरों सपने संजोए हुए बैठी थी। शादी की तारीख भी 15 जुलाई तय हो गई थी। बारात का कार्यक्रम नगर की टीकाराम धर्मशाला में होना था। वधु पक्ष के लोग सज संवर कर धर्मशाला में पहुंच गए, लेकिन धर्मशाला में ताला पड़ा हुआ मिला। यह देखकर दुल्हन पक्ष के लोगों के होश फाख्ता हो गए।

दूल्हे के घर पर जाकर देखा तो वहां भी ताला पड़ा हुआ था। काफी प्रयास के बाद भी दूल्हा पक्ष 10 लाख रुपए और देने की मांग पर अड़ा रहा। आखिर में मांग पूरी नहीं हुई तो दूल्हा पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद वधु पक्ष के लोगों ने वर पक्ष के लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

बरेली जिले के थाना सुभाष नगर निवासी सुभाष चंद्र गुप्ता ने बताया उन्होंने अपनी बेटी का सगाई 16 फरवरी 2024 को दया वैकट हॉल बरेली में गौरव गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रजनीश गुप्ता निवासी पुरानी चक्की वाली गली निवासी के साथ की थी। सगाई में 10 लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात दिए थे। वर और वधू पक्ष के लोगों ने शादी की तारीख 15 जुलाई तय की। साथ ही कासगंज की टीकाराम अग्रवाल धर्मशाला में बारात का प्रोग्राम तय हो गया।

उन्होंने बताया कि शादी के दिन सुबह लड़का पक्ष के लोगों का फोन आया कि 10 लाख रुपये लेते आना अन्यथा शादी नहीं होगी। जिस पर लड़की के पिता ने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि मैंने 20 लाख रुपये इंगेजमेंट में खर्च कर दिए, अब और रुपये देने में असमर्थ हूं। इसके बाद जब वह बेटी को लेकर टीकाराम अग्रवाल धर्मशाला पहुंचे तो वहां कोई भी तैयारी नहीं मिली और बाहर से ताला पड़ा हुआ था।

वहीं दूल्हा गौरव के घर में भी ताला पड़ा हुआ था। जिसके बाद उन्होंने गौरव, प्रीति पत्नी विकास, सनी पत्नी संध्या गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने बताया कि बरेली के रहने वाले सुभाष गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। वह बेटी की शादी करने आए थे, लेकिन दूल्हा पक्ष के लोग फरार थे।