कासगंज: गंगा ब्रिज पर पानी के स्तर में आई स्थिरता, फिर भी जिला प्रशासन सतर्क
कासगंज, अमृत विचार। रविवार को कछला ब्रिज पर पानी के जलस्तर में स्थिरता आई है। साथ ही बैराजों से गंगा नदी में पानी का डिस्चार्ज भी कम हुआ है। पानी का डिस्चार्ज कम होने से सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन की चिंता कम हुई है, लेकिन किसी भी संभावना के चलते सतर्कता बरकरार है।
बैराजों से पानी के डिस्चार्ज कम हो गया है। जिसका प्रभाव कछला ब्रिज पर भी देखने को मिला है। यहां जलस्तर स्थिर हुआ है। पानी का गेज 162.50 सेंटीमीटर रिकॉर्ड किया गया है। यही गेज शनिवार को भी था। गंगा नदी में पानी का जलस्तर स्थित होने और बैराजों से पानी का डिस्चार्ज कम होना तटवर्ती ग्रामों के लिए अच्छे संकेत हैं।
इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो जिले में बाढ़ की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन बावजूद इसके भी जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। जबकि बीते दिनों पटियाली के गांव बरोना में बाढ़ के जियो ट्यूब गंगा में समा जाने से यहां बाढ़ के हालात बन गए थे।
गंगा की बाढ़ का पानी फसली भूमि से होता हुआ बरोना की आबादी से जा टकराया था। हालात बिगड़े तो शासन और प्रशासन चौकन्ना हो गया, लेकिन फिलहाल हालात सामान्य होते जा रहे हैं। सिंचाई विभाग ने भी बरोना पर स्टड बना दिए हैं। जो बाढ़ की स्थिति में इसके नियंत्रण करने में मददगार साबित होंगे।
बैराजों से पानी का डिस्चार्ज
बैराज शनिवार का डिस्चार्ज रविवार को डिस्चार्ज
हरिद्वार 40003 35039
बिजनौर 37603 30662
नरौरा 37515 30986
कछला ब्रिज पर गंगा नदी में पानी का जलस्तर स्थिर हुआ है। बैराजों के पानी का डिस्चार्ज भी कम हो गया है। यह अच्छा संकेत है। फिर भी पूरी तरह सतर्कता बरती जा रही है। बाढ़ चौकियां पूरी तरह सक्रिय हैं और जिला मुख्यालय पर बनाया गया कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। -मेधा रूपम, डीएम
