देहरादून: बदरीनाथ और मंगलौर दोनों ही सीट से भाजपा हुई साफ

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

देहरादून, अमृत विचार। उपचुनाव में भाजपा को 440 वोल्ट का झटका लगा है। बदरीनाथ और मंगलौर दोनों ही सीट से भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला और मंगलौर सीट पर काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने जीत दर्ज की है।

आपको बता दें कि भाजपा पिछले दस साल से सत्ता में है और इस दौरान जितने भी उपचुनाव हुए भाजपा ने जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस ने पिछले दस साल में यह पहली जीत दर्ज की है। बदरीनाथ और मंगलौर का चुनाव  भाजपा के लिए कड़ी अग्निपरीक्षा थी मगर भाजपा यहां धड़ाम हो गई। चंपावत और बागेश्वर उपचुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में जीत से भाजपा के हौसले बुलंद थे,लेकिन उपचुनाव के नतीजों में बड़ा उलटफेर हो गया।

प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलौर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी काजी निजामुद्दीन ने और बदरीनाथ सीट पर लखपत सिंह बुटोला जीत दर्ज की है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बदरीनाथ विस सीट पर कांग्रेस के हाथों शिकस्त मिली थी, लेकिन कांग्रेस की जीत की पटकथा लिखने वाले राजेंद्र भंडारी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शमिल हो गए थे।

लोकसभा चुनाव में भाजपा ने गढ़वाल संसदीय सीट पर बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को 8254 वोटों से पीछे छोड़ा था, लेकिन भंडारी के भाजपा में आने के बाद पार्टी इससे भी बड़ी लीड की उम्मीद कर रही थी। बदरीनाथ सीट पर भाजपा ने भंडारी पर ही दांव लगाया। लेकिन मुकाबले में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। उपचुनाव में कांग्रेस ने लोस चुनाव में मिली हार का हिसाब बराबर कर दिया। मंगलौर विस सीट भाजपा ने कभी नहीं जीती। मुस्लिम और अनुसूचित जाति बहुल इस सीट पर बसपा और कांग्रेस का ही कब्जा रहा है और इस बार भी वही हुआ।