बाढ़ पीड़ितों का दर्द जानने लखीमपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जानिये क्या कहा

बाढ़ पीड़ितों का दर्द जानने लखीमपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जानिये क्या कहा

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले में बाढ़ ने तबाही मचा दी है। बाढ़ से फसलें तबाह हो गई हैं तो कृषि भूमि नदी में समा गई है। पीड़ितों का दर्द जानने और हालात का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखीमपुर पहुंचे। सीएम ने शारदानगर में 15 बाढ़ प्रभावित लोगों को अपने हाथों राहत सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता भी की है। 

मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर सुबह से जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी गणेश प्रसाद साहा और सिंचाई व बाढ़ खंड के अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। मुख्यमंत्री को शारदा बैराज परिसर में गारद ने सलामी दी। उसके बाद मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से भेंट की। फिर मैदान पर बने मंच पर पहुंचे और 15 लोगों को खुद राशन किट दी।

इसके बाद उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधि बाढ़ पीड़ितों के साथ हैं। विधायक और अधिकारी गांव गांव जा रहे हैं। मैं खुद भी बाढ़ पीड़ितों से मिल रहा हूं। कहा कि राशन आदि के साथ जहां पानी भरा है, वहां लंच पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। यह भी कहा कि जहां बाढ़ आई है, वहां हमेशा आएगी,  इसलिए बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों की सहमति पर उन्हें अन्यत्र आवास आदि की व्यवस्था कराने पर विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: UP News: सीबीएसई और आईसीएससी स्कूलों पर एक्शन की तैयारी, 105 स्कूल रडार पर