Kanpur News: गृह मंत्रालय से जांच के लिए टीम पहुंची कानपुर, स्वरूप नगर समेत कई जगहों की शत्रु संपत्ति को देखा

कानपुर में शत्रु संपत्ति की जांच के लिए टीम पहुंची

Kanpur News: गृह मंत्रालय से जांच के लिए टीम पहुंची कानपुर, स्वरूप नगर समेत कई जगहों की शत्रु संपत्ति को देखा

कानपुर, अमृत विचार। शत्रु संपत्तियों की जांच के लिए शुक्रवार को गृह मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम शहर आई। सर्किट हाउस में शत्रु संपत्ति अभिरक्षक राहुल रमेश नागरे ने पहले जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार के साथ बैठक कर जानकारी ली।

फिर टीम ने स्वरूपनगर और रावतपुर गांव में शत्रु संपत्तियों को देखा। कब्जा की गईं संपत्तियों और कार्रवाई के संबंध में अफसरों से पूछताछ की, इसके बाद टीम ने जाजमऊ, बेकनगंज आदि स्थानों पर शत्रु संपत्ति का मौका मुआयना किया। 

 एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि शत्रु संपत्तियों की जांच करने शुक्रवार सुबह भारत सरकार के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक राहुल रमेश नागरे, गृह मंत्रालय के उपसचिव राजेंद्र कुमार, दो सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी सर्किट हाउस पहुंचे। जिलाधिकारी से जानकारी लेने के बाद टीम ने शत्रु संपत्तियों का निरीक्षण किया।

टीम ने बेकनगंज स्थित बाबा बिरयानी, बाबा स्वीट्स, दारुलमौला, स्वरूपनगर में शाहिद हलीम के अपार्टमेंट, रावतपुर गांव में रावतपुर गार्डन, जाजमऊ में पायनियर टेनरी का रिहायशी परिसर और गोकुल अपार्टमेंट पहुंचकर संपत्तियों के बारे में जानकारी ली।

अफसरों के अनुसार इन संपत्तियों की सुनवाई चल रही है कि संपत्तियों को शत्रु संपत्ति बताया जा रहा है। वहीं यह भी है कि ऐसा नहीं है, इसलिए टीम शहर आई थी। गृह मंत्रालय टीम के साथ तहसीलदार रीतेश कुमार सिंह व राजस्व टीम रही।

स्वरूपनगर समेत अन्य स्थानों पर संपत्तियों की पैमाइश भी की गई। अब रिपोर्ट बनाकर आगे की कार्रवाई होगी। गृह मंत्रालय की टीम ने स्वरूपनगर में गैस्ट्रोलीवर हॉस्पिटल से कॉनकार्ड अपार्टमेंट तक की जमीन की नापजोख कराई। यहां टीम एक पते के बारे में भी पूछताछ करती दिखी। 

क्या है शत्रु संपत्ति 

बटवारे के समय देश छोड़कर पाकिस्तान जाकर रहने वालों व बांग्लादेश में जाकर बसे लोगों की जो संपत्तियां थीं, वहीं शत्रु संपत्ति है। इन्हीं संपत्तियों पर अब फ्लैट और आलीशान मकान बने हैं। यह संपत्तियां करोड़ों और अरबों की हैं। संपत्तियों को लेकर भारत सरकार गंभीर है। संपत्तियों की नापजोख कर चिह्नित किया जा रहा है। 

बाबा बिरयानी समेत छह दुकानें हो चुकी सील 

रामजानकी मंदिर ट्रस्ट बेकनगंज को जनवरी 2023 में शत्रु संपत्ति घोषित करने के आदेश हुए थे। बता दें कि राम जानकी मंदिर परिसर में ही मुख्तार बाबा की बाबा स्वीट, बाबा बिरयानी समेत कई दुकानें थीं, जिन्हें सील किया जा चुका है। एक संपत्ति नाला रोड स्थित दारुल मौला मामले में भी कार्रवाई हो चुकी है। 

कुछ संपत्तियों की हो सकती नीलामी 

शहर में तेजी से शुत्र संपत्तियों का डिटेल खंगाला जा रहा है। कई संपत्तियों को शत्रु संपत्ति घोषित किया जा चुका है और कई संपत्तियों पर कार्रवाई चल रही है। कुछ शत्रु संपत्तियों की आगे चलकर नीलामी भी हो सकती है, ऐसी संभावना है। शहर में ग्वालटोली, हीरामन का पुरवा, जाजमऊ और घाटमपुर में भी शत्रु संपत्तियां हैं। जिला प्रशासन ने 2022 में कंघी मोहाल में एक भवन को शत्रु संपत्ति घोषित किया था।

ये भी पढ़ें- Kanpur Murder: दिनदहाड़े स्टैंड संचालक की गोली मारकर नृशंस हत्या...उस्मानपुर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर वारदात