Fatehpur: 150 करोड़ की ठगी करने वाला नटवरलाल गिरफ्तार...पैसे दोगुना करने का दिया था झांसा, काफी दिनों से पुलिस कर रही थी तलाश

फतेहपुर में 150 करोड़ की ठगी करने वाला नटवरलाल गिरफ्तार

Fatehpur: 150 करोड़ की ठगी करने वाला नटवरलाल गिरफ्तार...पैसे दोगुना करने का दिया था झांसा, काफी दिनों से पुलिस कर रही थी तलाश

फतेहपुर, अमृत विचार। वर्षो से फरार चल रहे ठगी के नवटवर लाल को जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिय है। आरोपी पर करीब 150 करोड़ रुपये गबन करने का आरोप है। मामला सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव का है। सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस और प्रयागराज एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की। करीब 150 करोड़ रुपये का गबन करने वाले और 25,000 रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त राजेश मौर्या को गिरफ्तार कर लिया है। राजेश मौर्या को कर्मेपुर मोड़, सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

बता दें कि सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव के रहने वाले राजेश मौर्य ने लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच दिया था और करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये आसपास के कई जनपदों से इकट्ठा किया और मौके से रफू चक्कर हो गया। 

एसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि राजेश मौर्य मध्य प्रदेश के इंदौर महानगर के नेहरू नगर में राजा सिंह के नाम से रहता था। उसने अपना हुलिया बदल रखा था। वह सरदार के भेष में रहा करता था। जिससे लोग उसकी पहचान न कर पाए। राजेश मौर्या ने साल 2007 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मार्केटिंग का काम किया और बाद में एनजीओ के नाम पर लोगों को धोखाधड़ी के जरिए फंसाया। 

उसने आरकेएम शिक्षण संस्थान नामक एनजीओ रजिस्टर करवा कर लोगों को दो-गुना लाभ का लालच देकर करोड़ों रुपये इकट्ठा किए। उसकी धोखाधड़ी की कहानी उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी फैली हुई थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राजेश मौर्या ने फर्जी दस्तावेजों और रसीदों के माध्यम से लोगों को गुमराह किया और उनसे पैसा हड़प लिया। उसके खिलाफ कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और वह लगातार वेश बदलकर अपने ठिकाने बदलता रहता था। 

ये भी पढ़ें- Fatehpur Crime: कुकर्म के बाद मौलवी ने बच्चे की हत्या की थी...मदरसा में घटना को दिया था अंजाम, आरोपी गिरफ्तार