Kanpur News: आरटीओ में तबादलों की झड़ी...जनता काम के लिए रही परेशान

नए उप परिवहन आयुक्त, संभागीय परिवहन अधिकारी और यात्री माल कर अधिकारियों ने संभाला कामकाज

Kanpur News: आरटीओ में तबादलों की झड़ी...जनता काम के लिए रही परेशान

कानपुर, अमृत विचार। संभागीय परिवहन कार्यालय में उप परिवहन आयुक्त, संभागीय परिवहन अधिकारी से लेकर यात्री माल कर अधिकारियों तक के तबादले किए जाने के बाद नए अधिकारियों व कर्मचारियों के काम संभालने के कारण मंगलवार को जनता को अपने काम के लिए परेशान होना पड़ा। कार्यालय में दिन भर चार्ज छोड़ने और कार्यभार ग्रहण करने का काम चलता रहा। काउंटर पर लोगों के काम तो हुए, लेकिन अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं हो पाए।   

संभागीय परिवहन कार्यालय में उप परिवहन आयुक्त डा. विनय कुमार का ट्रांसफर होने के बाद राम रतन सोनी झांसी से यहां नियुक्त किये गये हैं। इसी प्रकार आरटीओ प्रशासन राजेश सिंह को मुरादाबाद ट्रांसफर किया गया है जबकि मुरादाबाद से राकेंद्र सिंह को कानपुर का आरटीओ नियुक्त किया गया है।

कानपुर के एआरटीओ प्रशासन राजेश राजपूत का ट्रांसफमर मथुरा के लिए किया गया है। उनके स्थान पर आलोक कुमार ने एआरटीओ प्रशासन का काम संभाला है। इसके अलावा मंगलवार को यात्री माल कर अधिकारी दीपक सिंह एवं अनिल कुमार ने भी अपने पद का चार्ज लिया।   

संभागीय परिवहन कार्यालय में तबादलों की झड़ी के बाद अब आगे किसकी बारी है, इसे लेकर दिन भर हड़कंप मचा रहा। मंगलवार को चार्ज छोड़ने और चार्ज देने का कामकाज दिनभर चलने के कारण बाबुओं ने वाहनों  से संबंधित  कार्य तो किए लेकिन अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं हो सके।

ओवरलोडिंग पर लगाम कसें, बेवजह काम न लटकाएं 

संभागीय परिवहन कार्यालय में मंगलवार को उप परिवहन आयुक्त राम रतन सोनी ने चार्ज संभालते ही प्रवर्तन दल के साथ बैठक की और उन्हें निर्देशित किया कि ओवरलोडिंग पर तेजी से लगाम कसी जाए। बैठक में मौजूद स्टाफ से उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को अनावश्यक लटकाने की जरुरत नहीं है, त्वरित गति से निस्तारण करें।

उप परिवहन आयुक्त झांसी से कानपुर पहुंचे। उनके साथ झांसी के आरटीओ प्रभात पांडेय भी थे। आरटीओ आफिस में आरटीओ प्रवर्तन विदिशा सिंह, एआरटीओ टेक्निकल नेहा द्विवेदी, एआरटीओ कहकशां, एआरटीओ राकेश वर्मा, एआरटीओ अम्बुज, पीटीओ मानवेन्द्र सिंह, पीटीओ डीके सिंह, आरआई अजीत सिंह व आरआई आकांक्षा सिंह ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उप परिवहन आयुक्त ने स्टाफ के साथ साथ प्रवर्तन दल के साथ बैठक की। 

ये भी पढ़ें- Kanpur: मेट्रो के कॉरिडोर-2 का कंपनी बाग चौराहे से भी शुरू हुआ काम...तेजी से चल रहा निर्माण