अयोध्या: महिला का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

अयोध्या: महिला का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

कुमारगंज/अयोध्या, अमृत विचार। कुमारगंज थाना क्षेत्र स्थित जोरियम गांव में भूमि के विवाद को लेकर हुई तकरार के बाद 58 वर्षीय महिला का शव उसके घर के ही सामने रास्ते में स्थित नीम के पेड़ से साड़ी के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका पाया गया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना की गहन छानबीन की और महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

दूसरी ओर महिला के परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप दिए जाने का आरोप लगाया है। गांव के दो लोगों के बीच रास्ते की भूमि पर अवैध कब्जेदारी को लेकर विगत चार माह से विवाद चल रहा था। शनिवार को कुमारगंज पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। 

जहां सूर्य नारायण सिंह की पत्नी जमुना सिंह को 9.6 फीट जमीन दिलाते हुए दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। इसके बाद भी रात करीब 11 बजे तक दोनों पक्षों में जमकर विवाद और गाली गलौज होता रहा। रविवार की भोर में महिला जमुना सिंह के पति सूर्य नारायण सिंह ने देखा कि उनकी पत्नी नीम के पेड़ की डाल से साड़ी के सारे लटकी हुई है। उन्होंने  पुलिस को सूचना दी। 

प्रभारी निरीक्षक रतन सिंह चौकी प्रभारी एनडीए अरविंद पटेल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने फॉरेंसिक टीम बुलाकर गहन छानबीन की। प्रभारी निरीक्षक रतन सिंह का कहना है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है। फिलहाल महिला की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -हरदोई: पति की पिटाई हुआ पत्नी का गर्भपात, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज