अयोध्या: अखिलेश यादव से मिले बबलू सिंह, चढ़ा सियासी पारा, सपा में शामिल होने की भी संभावना

अयोध्या: अखिलेश यादव से मिले बबलू सिंह, चढ़ा सियासी पारा, सपा में शामिल होने की भी संभावना

अयोध्या, अमृत विचार। सपा सांसद अवधेश प्रसाद द्वारा बीकापुर के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की मुलाकात राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कराए जाने के बाद जिले का सियासी पारा भी चढ़ गया है। सांसद द्वारा कराई गई मुलाकात को मिल्कीपुर उप चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संभावना जताई जा रही है कि पूर्व विधायक बबलू सिंह सपा में शीघ्र शामिल भी हो सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे गोसाईगंज विधायक अभय सिंह की काट भी माना जा रहा है। इसके पीछे क्षत्रियों को सहेजने की समाजवादी पार्टी की रणनीति भी बताया जा रहा है।

बता दें कि सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने बीकापुर के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को अपने साथ लेकर लखनऊ गए और सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव से मुलाकात कराई। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की फोटो और जानकारी वायरल होने के बाद से यहां गोसाईगंज ही नहीं जिले का सियासी पारा भी चढ़ गया है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने यह पैतरा तब आजमाया है जब शीघ्र ही मिल्कीपुर में उप चुनाव होने वाले हैं और प्रत्याशी के रुप में उनके पुत्र की काफी चर्चा भी है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव में भी अंदरखाने पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में रहे। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी को अच्छे खासे मत मिले थे। सूत्रों का कहना है कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से पूर्व विधायक की यह मुलाकात भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनावों पर भी बड़ा प्रभाव डाल सकती है। बताया जाता है कि जिसके चलते राजनैतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म है।

पूर्व विधायक के सपा में शामिल होने की संभावना भी बन रही है। यदि ऐसा होता है तो गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र से उन्हें विधानसभा का टिकट मिल सकता है। फिलहाल रविवार को राजनीतिक गलियारों में यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है। सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव में दलित, पिछड़े और मुसलमानों का समर्थन जुटाने के बाद अब समाजवादी पार्टी की निगाहें क्षत्रिय वोट बैंक पर लगीं हुईं हैं।

बता दें कि गोसाईगंज से सपा विधायक अभय सिंह ने राज्य सभा चुनाव में भाजपा प्रत्याश के पक्ष में ममतदान किया था। जिसके बाद से ही उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया था यहां तक कि लोकसभा चुनाव में भी प्रचार नहीं किया था। हाल ही में अभय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की है। इसलिए जितेंद्र सिंह बबलू की अखिलेश यादव से मुलाकात को इसकी काट भी माना जा रहा है।

कोट :-  राजनीति में किसी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद सभी समाजवादी पार्टी में आना चाहते हैं। जितेंद्र सिंह बबलू का बीकापुर ही नहीं अन्य विधानसभा क्षेत्रों में अपना प्रभाव भी है.., पारसनाथ यादव, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी।

ये भी पढ़ें -हरदोई: पति की पिटाई हुआ पत्नी का गर्भपात, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज