बहराइच: इस बार 10 दिन देर से बंद हुआ कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग, जानें वजह

मानसून में देरी के चलते वन विभाग ने लिया फैसला, अब 15 नवंबर से पुनः शुरू होगा पर्यटन सत्र

बहराइच: इस बार 10 दिन देर से बंद हुआ कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग, जानें वजह

बहराइच, अमृत विचार। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग मंगलवार से पर्यटकों के लिए बंद हो गया है। अब 15 नवंबर से पुनः वन्य जीव प्रभात पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग 551 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। सात रेंज में विभक्त जंगल में दुर्लभ वन्य जीवों का विचरण होता है। जंगल भ्रमण के लिए आने वाले देश-विदेश से पर्यटक इन वन्य जीवों को देखकर रोमांचित होते हैं।

इतना ही नहीं जंगल के बीच से बहने वाली गेरुआ और कौड़ियाला नदी में जलीय जीव भी पाए जाते हैं। जिनमें घड़ियाल, मगरमच्छ और डॉल्फिन की अठखेलियां लोगों को जंगल आने के लिए आकर्षित करते हैं। प्रतिवर्ष वन विभाग की ओर से 15 जून को पर्यटन सत्र बंद कर दिया जाता है। लेकिन इस बार मानसून में देरी होने के चलते 10 दिन और पर्यटन सत्र बढ़ा दिया गया। जिसके चलते जंगल भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों की भीड़ रही।

प्रभागीय वनाधिकारी बी शिव शंकर ने बताया कि इस बार जंगल भ्रमण के लिए पर्यटन सत्र 10 दिन और अधिक चला। जिसके चलते लगभग 17 हजार पर्यटकों ने जंगल का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि अब 15 नवंबर को पुनः जंगल भ्रमण के लिए पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।

यह भी पढ़ेः SGPGI के डॉ. ब्रजेश त्रिपाठी लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित