लखीमपुर खीरी: दरोगा ने भाजपा नगर महामंत्री को जड़े थप्पड़, सिपाहियों ने भी पीटा

Amrit Vichar Network
Published By Afzal Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के मेला मैदान चौराहे पर रविवार की देर रात कार्यकर्ता से विवाद की सूचना पर पहुंचे भाजपा नगर महामंत्री और पुलिस के बीच तीखी नोकझोक हो गई। इस दौरान दरोगा ने  नगर महामंत्री को थप्पड़ जड़ दिए। इसकी जानकारी होते ही भाजपाइयों में रोष पनप गया। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता सदर कोतवाली पहुंच गए। घेराव कर हंगामा करते हुए कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए। सीओ सदर के कारवाई का आश्वासन देने पर लोग शांत हुए। एसपी ने आरोपी दरोगा को लाइनहाजिर कर दिया है। 

शहर की गढ़ी रोड निवासी सूर्य प्रकाश मिश्र भाजपा नगर महामंत्री हैं। उन्होंने बताया कि रविवार की रात करीब 10:30 बजे की घटना है। भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप गुप्ता ने उन्हें बताया कि ओवरटेक करने को लेकर मेला मैदान में उनका किसी से विवाद हो गया है। आरोपियों के पास असलहे हैं। उन्होंने इसकी सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी और अपने भाई विनय मिश्र और कपूर यादव के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच दरोगा अब्दुल आलम खान सिपाहियों के साथ मौके पर आ गए।

पुलिस उल्टे ही कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता करने लगी, जिसका उन्होंने अपना परिचय देते हुए विरोध किया। इस पर भड़के दरोगा ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। सिपाही सलमान, तरन्नुम, असलम व दो अज्ञात सिपाहियों ने भी उनके साथ मारपीट की। उनका चश्मा तोड़ दिया और जीप में डाल लिया। कोतवाली तक उसे मारते पीटते आए। इसकी जानकारी जब कार्यकर्ताओं को हुई तो बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सदर कोतवाली पहुंच गए। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर लिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। तमाम कार्यकर्ता कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए।

इस पर पुलिस ने नगर महामंत्री को छोड़ दिया। आक्रोशित कार्यकर्ता आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और निलंबन की मांग करने लगे। भारी बवाल की सूचना पर एएसपी पवन गौतम, सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भाजपा नगर महामंत्री से वार्ता की। उन्हें आरोपियों के खिलाफ कारवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर आधी रात के बाद मामला शांत हो सका। पीड़ित भाजपा नगर महामंत्री ने आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मेला मैदान में मारपीट की सूचना पर पुलिस गई थी। जहां पर भाजपा नगर महामंत्री और दरोगा के बीच वार्तालाप के दौरान विवाद हो गया था। दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है- सीओ सदर रमेश कुमार तिवारी 

ये भी पढ़ें। लखीमपुर-खीरी: पति को बचाने आई गर्भवती महिला की पिटाई कर की छेड़छाड़, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार