प्रतापगढ़ में हीट स्ट्रोक से 24 घण्टे में दो लोगों की माैत

प्रतापगढ़ में हीट स्ट्रोक से 24 घण्टे में दो लोगों की माैत

प्रतापगढ़ अमृत विचार  : दिन भर पुरवा हवाओं केे चलने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट रही। बावजूद इसके।गर्मी से लोग बेहाल रहे। बीते 24 घंटे में पट्टी तहसील के दो लोगों की मौत हो गई। हालांकि प्रशासन ने एक भी मौत की पुष्टि गर्मी एवं हीट स्ट्रोक से नहीं की है।

बुधवार को सुबह से पुरवा हवाओं ने सूरज की तपिश को कम किया। दोपहर होने पर गर्म हवाओं से तापमान बढ़ गया। लू के थपेड़ों से लोगों का राह में चलना मुश्किल हो गया। बीच-बीच में बादलों ने कुछ राहत जरूर दी। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक देशराज मीना ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 41.5 व न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.5 व न्यूनतम 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

पट्टी के ढकवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में दो लोगों की हालत मंगलवार दोपहर गर्मी के चलते अचानक खराब हो गई। घर वाले लेकर जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 50 वर्षीय वीरेंद्र कुमार सिंह की मौत हो गई। वहीं, उसी वार्ड के रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 75 वर्षीय श्याम लाल गुप्ता की हालत भी मंगलवार को बिगड़ी तो सीएचसी सिंगरामऊ ले गए। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने सीएचसी बदलापुर जौनपुर रेफर कर दिया, जहां पर उनकी सांस थम गई।

उनके पुत्र सचिन कुमार व विपिन ने बताया कि दोनों की मौत को चिकित्सकों ने हीट स्ट्रोक से होना बताया हैं। मंगलवार देर शाम नौ बजे दोनों शवों का अंतिम संस्कार सुलतानपुर जनपद के इब्राहिमपुर घाट पर कर दिया गया। वहीं मंगलवार को कुंडा क्षेत्र में चार लोगों की माैत हुई थी। पट्टी क्षेत्र में दो की जान चली गई। इन्हें हीट स्ट्रोक से मरने की पुष्टि तब तक नहीं होगी, जब तक लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।  एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में हीट स्ट्रोक से किसी के मरने की जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकती है, लेकिन लोग शवों का पोस्टमार्टम नहीं करा रहे हैं।

 यह भी पढ़ें :- लखनऊ: इप्सेफ की सरकार से अपील-कर्मचारियों का न करें ट्रांसफर, कहा- चुनाव में नाराजगी के बाद भी नहीं किया कोई बड़ा आंदोलन