बहराइच: शटडाउन के बाद भी शुरू कर दी सप्लाई, संविदा कर्मी की मौत, नाराज ग्रामीणों ने उपकेंद्र के कर्मचारी को पीटकर किया मरणासन्न

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रात में एचटी लाइन का फ्यूज जोड़ रहा था बिजली कर्मी

पयागापुर/बहराइच, अमृत विचार। जनपद के पयागपुर में बिजली कर्मियों की लापरवाही सामने आई है। शट डाउन लेकर फ्यूज जोड़ते समय विद्युत उप केंद्र से आपूर्ति शुरू कर दी। जिसके चलते विद्युत संविदा कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने उप केंद्र के कर्मचारी को पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसके बाद नाराज होकर गोंडा बहराइच मार्ग जाम कर दिया। लगभग दो घंटे सड़क जाम रहा। सीओ और अवर अभियंता समेत अन्य के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

cats

पयागपुर विकास खंड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हटवा गोपाल के मजरा सुकई पुरवा निवासी हनुमान यादव (25) पुत्र निबरे संविदा बिजली कर्मी था। क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजवापुर के दरियावपुर में स्थापित ट्रांसफार्मर का बुधवार रात को फ्यूज उड़ गया। सूचना मिलने पर संविदा कर्मी हनुमान यादव ने शट डाउन लिया। इसके बाद वह फ्यूज जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया।

फ्यूज जोड़ने के दौरान पावर हाउस पयागपुर से किसी कर्मचारी ने बिजली आपूर्ति शुरू कर दी। जिसके चलते संविदा बिजली कर्मचारी की रात 11 बजे के आसपास करंट लगने से मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर उपकेंद्र से आपूर्ति बाधित की गई। वहीं हादसे की जानकारी होने पर गांव के लोग नाराज हो गए। सभी ने उप केंद्र में तैनात बिजली कर्मी बृजराज विश्वकर्मा की जमकर पिटाई की।

जिससे बृजराज विश्वकर्मा मरणासन्न हो गया। गंभीर हालत में पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं हादसे से नाराज ग्रामीणों ने गोंडा बहराइच सड़क मार्ग जाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। वाहनों की कतार लग गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया। सीओ और अवर अभियंता ने ग्रामीणों से वार्ता की। इसके बाद जान खुलवाया गया। प्रभारी निरीक्षक कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सड़क पर खुलकर किया गुंडई

संविदा कर्मी की मौत से नाराज गांव के लोगों ने जमकर बवाल किया। पहले तो उपकेंद्र के कर्मचारी की पिटाई की। इसके बाद गोंडा बहराइच मार्ग पर लाठी डंडे लेकर आ गए। सभी ने दोनों तरफ से आवागमन करने वाले वाहन चालकों को रोक लिया। डंडा दिखाकर आगे नहीं बढ़ने दिया। आधी रात तक गुंडई जारी रही।

यह भी पढ़ें:-सपा कांग्रेस के इन रणनीतिकारों ने लिखी तनुज पुनिया की जीत की पटकथा, भाजपा के धुरंधर भी नहीं निकाल पाए काट

 

संबंधित समाचार