Unnao News: लोगों को ठंडक देकर किसानों की जेब गर्म कर रहे ‘माधुरी’ व ‘काला पेड़ा’

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

भीषण गर्मी में मौसमी फलों के साथ बढ़ी तरबूज की बिक्री

उन्नाव, अमृत विचार। गर्मी की दस्तक के साथ ही मौसमी फलों का बाजार में आना शुरू हो गया है। क्षेत्र की सीमाएं कटरी इलाकों की होने के चलते इस समय कस्बे में जगह-जगह तरबूज की रेहड़ी व स्टाल लगने लगे हैं। रोज सुबह शंकरी देवी मंदिर के पास लगने वाली आढ़त पर सुबह ही दर्जनों टैक्टर-ट्राली, डीसीएम, पिकअप में बड़ी मात्र में तरबूज नजर आ रहा है।   

तरबूज का नाम जहन में आते ही लोगों को भीषण गर्मी में भी ताजगी दिलाने वाले विशेष फल की याद आ जाती है। गर्मी के इस खास फल ने बाजार में दस्तक दे दी है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिये लोग इसकी जमकर खरीददारी कर रहे हैं। मांग अधिक होने से किसानों को अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। 

बीते कई दिनों से भीषण गर्मी व लू से जनजीवन बेहाल है। सुबह 11 बजते ही लोग घरों में दुबक जाते हैं। यह स्थिति शाम 4 बजे तक रहती है। प्यास बुझाने के लिए लोगों को शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेना पड़ रहा है। तरबूज की बाजार में बिक्री शुरू होने से लोग इसे खूब खरीद भी रहे हैं। 

ग्रामीण क्षेत्र में भी रेहड़ी वाले बड़ी संख्या में तरबूज लेकर आने लगे है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है वैसे ही कस्बे व सड़क किनारे भी तरबूज के ढेर लगे दिखने लगे हैं। मंडी में तरबूज औसतन 50 से 120 रुपये प्रति फल के हिसाब से बिक रहा है। 

वहीं किलो के हिसाब से रेहड़ी व स्टालों पर यह 25 से 30 रुपये प्रतिकिलो बेचा जा रहा है। गंगा कटरी में तैयार तरबूज ही बाजार में आया है। मांग अधिक होने से इसके अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। करीब 2-3 किलो के तरबूज की कीमत 40 से 60 रुपये है। इसकी आवक और बढ़ने से तरबूज के रेट गिरने की संभावना है। 

तरबूज का व्यापार करने वाले राजेंद्र कहते हैं कि अभी बारिश न होने से तरबूज लाल व मीठा निकल रहा है। जिससे खरीददार फल के अनुसार पैसे दें देते हैं। इस समय माधुरी और काला पेड़ा नामक तरबूज बाजार में अधिक नजर आ रहा है।

बहुत फायदे का फल है तरबूज 

जानकार बताते हैं कि तरबूज गर्मियों में रामबाण होता है। इसे खाने से शरीर हाइड्रेट रहने के साथ अन्य कई अन्य लाभ भी मिलते हैं। तरबूज वजन घटाने में भी सहायक होता है इसमें कैलोरी कम होने के साथ फाइबर काफी अधिक होती है। इसमें पानी अधिक होने के साथ साइट्रालाइन नामक अमीनो एसिड भरपूर होता है। जो शरीर में रक्त संचार बढ़ाने में मदद करता है। तरबूज़ का जूस शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बनने से रोकता है। यह दिल के दौरे के जोखिम को कम कर सकता है। इसके सेवन से इम्यूनिटी मजबूत होती है।

तरबूज खाते समय रखें ध्यान

तरबूज यूं तो बेहद फायदेमंद है लेकिन, इसके सेवन के दौरान यह भी ध्यान रखें कि इसे खाने के बाद आधे घंटे तक पानी न पिएं। इसे ठंडा करके ही खाएं और खाने के बाद धूप में जाने से बचें। एक साथ अधिक मात्रा में तरबूज खाने से पेट में अपच या कालरा की शिकायत भी हो सकती है।

ये भी पढ़ें- LIVE UP Lok Sabha Phase 5 Election: बुंदेलखंड की इन सीटों पर वोटिंग जारी...EVM खराब की शिकायत, कई जगह लोगों पर लोगों ने किया मतदान बहिष्कार

संबंधित समाचार