बरेली: यहां तो बिन बारिश के ही जलभराव, गंदे पानी से होकर निकल रहे लोग

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार: शहर के कई मोहल्लों में बिना बारिश के ही जलभराव हो रखा है। इसकी वजह से लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों ने नगर निगम से कई बार शिकायत की लेकिन समस्या दूर नहीं की गई। यहां के लोगों की बारिश में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

सुभाष नगर के मुख्य मार्ग पर करीब 25 दिनों से नाली चोक होने के कारण जलभराव हो रखा है। इस मार्ग से बदायूं रोड को भी आने जाने वाले लोग गुजरते हैं। मोहल्ले के हरिओम ने बताया कि सैकड़ों लोग गंदे पानी से होकर निकलते हैं। कई लोगों के घरों के बाहर नाली चोक होने से पानी भरा है। लोकेंद्र शर्मा ने कहा कि पार्षद से कई बार शिकायत की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। कई बार तो रात में लोग फिसल कर गिर जाते हैं।

चक महमूद मोहल्ले में सड़क के गड्ढे में करीब एक महीने से पानी भरा हुआ है। यहां के लोगों ने बताया कि बार- बार कहने के बाद भी जलभराव से निजात नहीं मिल पाई हैं। चकचुंगी के पास करीब डेढ़ महीने से नाली जाम होने की वजह से सड़क पर पानी जमा है। मोहल्ले के आशीष ने बताया कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। सड़क खराब होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सुभाषनगर में लाेगों को घर आने-जाने के लिए जलभराव से गुजरना पड़ता है। नगर निगम से इसकी शिकायत भी की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है- महेश चंद्र

नाली सफाई न होने से सड़क पर जलभराव हो गया है। कई बार तो लोग फिसलकर गिर जाते हैं। कई बार नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है- अजय सिंह

जिन जगहों पर सड़कें टूटी हुई हैं, उनका प्रस्ताव पार्षदों से मांगा गया है। चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण नया कार्य नहीं हो सकता है। जिन जगहों पर जलभराव की शिकायतें आ रही हैं, वहां पर सफाई कर्मियों को भेजा जा रहा है- एसके यादव, अपर नगर आयुक्त

यह भी पढ़ें- बरेली: जंक्शन पर रोजाना लेट पहुंच रहीं 30 से ज्यादा ट्रेनें, यात्री परेशान

संबंधित समाचार