अमरोहा : कड़ी सुरक्षा में कब्र से निकाला माहिर का शव, पोस्टमार्टम के बाद दफनाया

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित 

अमरोहा, अमृत विचार। कैतवाली पंडकी में 24 घंटे के भीतर मिले दो बच्चों के शव के मामले में पुलिस जांच कर रही है। कक्षा तीन के छात्र चिराग की गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि के बाद शुक्रवार को चार वर्षीय माहिर का शव कब्र से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट में कुछ खास न मिलने पर उसका बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।

देहात क्षेत्र के गांव कैतवाली पंडकी में 24 घंटे में दो बच्चों के शव मिले थे। इनमें चार वर्षीय माहिर का शव मंगलवार को मिला था। चिराग का शव बुधवार को मिला था। दोनों के शव 10 फीट की दूरी पर मिले थे। माहिर के परिजनों ने उसके शव को बिना कार्रवाई के ही दफना दिया था, जबकि चिराग के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबने से मौत की पुष्टि हुई थी। मृतक माहिर गांव में रहने वाले विपिन सैनी का मझला बेटा था। वह मंगलवार दोपहर तीन बजे घर से गायब हो गया था। शाम पांच बजे उसका शव पड़ोस में ही रहने वाली शीला देवी के घर के मुख्य दरवाजे के पीछे मिला था।

परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को दफना दिया था। बुधवार को पड़ोस में रहने वाले दर्जी राजू के बेटे चिराग की भी हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार दोपहर 12 बजे अपने ही घर में मिला। चिराग के चेहरे और गले पर निशान मिले थे। चिराग के शव का पोस्टमार्टम कराया। गला दबने से मौत की पुष्टि होने के बाद मृतक माहिर के परिजनों ने भी उसका पोस्टमार्टम कराने की मांग थी।

डीएम की अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार को तहसीलदार, चिकित्सक व पुलिस की निरानी में माहिर के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। डॉक्टरों के पैनल ने उसका पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को उसी जगह पर दफना दिया गया। हालांकि रिपोर्ट में कुछ खास सामने नहीं आया। इस पर उसका बिसरा सुरक्षित रखवा लिया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि डीएम की अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकाला गया था। पोस्टमार्टम  के बाद उसका बिसरा सुरक्षित रखा गया है। घटना में कौन शामिल है, इसका पता लगाया जा रहा है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढे़ं : अमरोहा में मिले दो बच्चों के शव, पिता का दावा- तंत्र-मंत्र में की बेटे की हत्या

संबंधित समाचार