देश तोड़ने वाली ताकतों से लड़ने के लिए बना INDIA गठबंधनः अविनाश पांडेय

इंडिया गठबंधन के समन्वय ने बैठक में प्रत्याशी को जीताने का लिया संकल्प

देश तोड़ने वाली ताकतों से लड़ने के लिए बना INDIA गठबंधनः अविनाश पांडेय

सुलतानपुर, अमृत विचार। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि देश तोड़ने वाली ताकतों से लड़ने के लिए देश में INDIA गठबंधन बनाया गया है। गठबंधन के दर्जनों दलों के साथ मिलकर देश में संविधान बचाने की चुनौती को कांग्रेस ने स्वीकार किया है।

जनता के चहुंमुखी विकास को लेकर जनता की राय से कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र बनाया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में गरीबों का जीवन स्तर व सम्मान बढ़ाने की शुरू हुई लड़ाई में ये लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण है। वे अमहट स्थित एक गेस्ट हाउस में कांग्रेस व सपा के कार्यकर्ताओं की समन्वय बैठक को संबोधित कर रहे थे। पांडेय ने कहा कि बूथ पर इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से मतदान करा कर राहुल गांधी के संकल्प को आत्मसात करने की आवश्यकता है।

पार्टी के घोषणा पत्र को जनता के बीच ले जाकर उसका व्यापक प्रचार प्रसार करने की जिम्मेदारी संगठन के कार्यकर्ताओं व नेताओं की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया कोआर्डिनेटर राजेश तिवारी ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का है।  मोदी जी अपनी संभावित हार से बौखला गये हैं। उनकी भाषा का स्तर दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है।

कार्यक्रम को राष्ट्रीय सचिव व जोन के प्रभारी राजेश तिवारी, जिलाध्यक्ष वरुण मिश्र, शहर अध्यक्ष शकील अहमद, पूर्व मंत्री मुईद अहमद, वरुण मिश्रा समेत दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में गठबंधन से सपा प्रत्याशी राम भुआल निषाद, नरोत्तम शुक्ला, श्यामलाल निषाद, कृष्ण कुमार मिश्रा, मुन्ना सिंह त्रिसुंडी आदि रहे। 

यह भी पढ़ें:-नोएडा: मुख्यमंत्री योगी का फर्जी वीडियो डालने के आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने का मामला दर्ज